19 दिसंबर 2022 - 20:55
मोहम्मद और मोहन्नद दो सगे भाई अपनी बहन की शादी की तैयारी में व्यस्त थे, जब एक ज़ायोनी ने उन्हें कार से रौंद डाला

मोहम्मद और मोहन्नद यूसुफ़ अपनी गाड़ी का टायर ठीक कर रहे थे, तभी एक ज़ायोनी ने अपनी कार उन पर चढ़ा दी।

दिल दहला देने वाली यह घटना इस्राईल के क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक की है, जहां एक ज़ायोनी आबादकार ने दो फ़िलिस्तीनी भाईयों को अपनी कार से रौंद कर शहीद कर दिया।

दो सगे भाईयों मोहम्मद और मोहन्नद यूसुफ़ की शनिवार की रात वेस्ट बैंक के नब्लुस के दक्षिण में बेहरमी से हत्या कर दी गई।

एक 50 वर्षीय ज़ायोनी नागरिक ने सड़क के किनारे अपने वाहन के पहिए का पंक्चर ठीक करने वाले दो फ़िलिस्तीनी भाईयों को अपनी गाड़ी के नीचे कुचल दिया। मोहम्मद की मौक़े पर ही मौत हो गई, जबकि मोहन्नद को अस्पताल में मुर्दा घोषित कर दिया गया।

फ़िलिस्तीनी नेताओं ने इस हमले को घिनौना अपराध क़रार दिया है और बताया है कि दोनों भाई नाबलुस में अपने परिवार के साथ थे और अगले हफ़्ते होने वाली अपनी बहन की शादी की तैयारियों में लगे हुए थे।

क़लंदिया कार्यालय के निर्देशक ज़करिया फ़याला का कहना है कि ज़ायोनी आबादकार ने जानबूझकर दोनों भाईयों को अपनी कार के नीचे रौंद दिया।

इसी हफ़्ते की शुरूआत में इस्राईली सैनिकों ने एक 15 वर्षीय फ़िलिस्तीनी लड़की को गोलियों से भून डाला था, जब वह अपने घर की छत पर अपनी बिल्ली के साथ खेल रही थी।

वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ ज़ायोनियों के अपराधों में अभूतपूर्व वृद्धि देखने में आ रही है, यहां तक कि इस्राईल के सबसे बड़े समर्थक अमरीका ने भी इस पर चिंता ज़ाहिर की है।

इस साल की शुरूआत से अब तक इस्राईली सैनिक 218 फ़िलिस्तीनियों को शहीद कर चुके हैं। जिसके बाद 2005 के बाद से 2022 फ़िलिस्तीनियों के लिए सबसे घातक साल साबित हुआ है।

इस दौरान, इस्राईली सेना ने 2500 से ज़्यादा फ़िलिस्तीनियों को गिरफ़्तार भी किया है। इस साल फ़िलिस्तीनियों की जवाबी कार्यवाही में अब तक 29 इस्राईली भी मारे जा जुके हैं। msm

342/