गुरुवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मुहम्मद बिन सलमान ने चीनी राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत किया। स्वागत समारोह का आयोजन रियाज़ में यमामा पैलेस में किया गया। शी जिनपिंग बुधवार को सऊदी अरब की यात्रा पर पहुंचे हैं।
चीनी राष्ट्रपति इस यात्रा में 30 से अधिक अरब देशों के नेताओं की शिरकत से आयोजित होने वाली चीन अरब शिखर बैठक में भी भाग लेंगे। इससे पहले चीन और सऊदी अरब की एक अलग शिखर बैठक होगी जिसमें चीन और सऊदी अरब के बीच 30 अरब डालर के समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, इसी तरह फ़ार्स खाड़ी के अरब देशों के साथ भी चीनी राष्ट्रपति की एक शिखर बैठक होगी।
चीनी राष्ट्रपति का कहना है कि वे छह साल बाद दोबारा रियाज़ की यात्रा पर पहुंचे हैं और अपने साथ चीन की जनता का प्रेम और दोस्ती का पैग़ाम लेकर आए हैं। जिनपिंग ने एक लेख लिखा जो गुरुवार को सऊदी अरब के अलरियाज़ अख़बार में प्रकाशित हुआ जबकि चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिनहुआ ने भी इसे प्रकाशित किया।
उन्होंने लिखा कि हम फ़ार्स खाड़ी के देशों के साथ बहुआयामी सहयोग की नई मिसाल क़ायम करने की दिशा में बढ़ रहे हैं और दोस्ती तथा विश्वास को मज़बूत करने के लिए स्ट्रैटेजिक सहयोग को मज़बूत करेंगे।
इस संदर्भ में सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में सऊदी अरब चीन के लिए भरोसेमंद पार्टनर बना रहेगा।
342/