1 दिसंबर 2021 - 19:55
विदेश नीति में ट्रंप का ही अनुसरण कर रहे हैं बाइडेनः चाम्सकी

अमरीका के जानेमाने विचारक एवं विशलेषक नोआम चाम्सकी ने कहा है कि विदेश नीति में बाइडेन, ट्रम्प का अनुसरण कर रहे हैं।

नोआम चाम्सकी ने अमरीका के वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन की विदेश नीति के बारे में कहा है कि यह प्रक्रिया आशावादी नहीं है।  उन्होंने कहा कि बाइडेन ने काफी हद तक ट्रम्प की नीतियों को अपना रखा है।

चाम्सकी का कहना था कि उदाहरण स्वरूप फ़िलिस्तीनियों के बारे में डोनाल्ड ट्रम्प ने जो क्रूर नीतियां अपना रखी थीं उनको बाइडेन ने निरस्त नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि परमाणु समझौते से अमरीका के एकपक्षीय ढंग से निकलने जैसे अपराध के महत्व को कम करने के लिए बाइडेन ने केवल शब्दों से खेला है लेकिन इस बारे में व्यवहारिक रूप में वे ट्रम्प की ही नीति को अपनाए हुए हैं।

बाइडेन की सरकार के अधिकारी कई बार इस बात को स्वीकार कर चुके हैं कि ईरान के विरुद्ध अत्यधिक दबाव की नीति विफल रही है किंतु परमाणु समझौते में वापस आने के बारे में वे कुछ नहीं कर रहे हैं।  चाम्सकी का कहना था कि चीन के विरुद्ध बाइडेन की उकसाने वाली नीति बहुत ख़तरनाक है।

बाइडेन की नीतियों की विफलता के संदर्भ में अमरीका के पूर्व राष्ट्रीय सलाहकार जाॅन बोल्टन ने इससे पहले कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी ने सिद्ध कर दिया है कि बाइडेन की विदेश नीति विफल रही है।

बोल्टेन के अनुसार बाइडेन के इस काम से अमरीकियों के भीतर हीन भावना पैदा हुई है।  याद रहे कि अमरीका में करवाए गए हालिया सर्वेक्षणों में बताया गया है कि केवल 42 प्रतिशत अमरीकी ही बाइडेन के क्रियाकलापों को सही मानते हैं जबकि 58 प्रतिशत इनको सहीं नहीं जानते।