25 अगस्त 2021 - 19:03
अमरीका कमज़ोर पड़ गया है, उस पर भरोसा करना ख़ुदकुशी होगी, इस्राईली सैन्य अधिकारियों का खुला ख़त

इस्राईल के कई वरिष्ठ कमांडरों और जनरलों ने ज़ायोनी प्रधान मंत्री नफ़्ताली बेनेट को ख़त लिखकर कहा है कि अमरीका अब पहले की तरह शक्तिशाली नहीं रह गया है, इसलिए उस पर इस्राईल की निर्भरता के बारे में पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

सूत्रों का कहना है कि बुधवार को कई इस्राईली कमांडरों और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने बेनेट के नाम एक खुला ख़त लिखकर उन्हें अमरीका पर ज़ायोनी शासन की निर्भरता को लेकर चेतावनी दी।

ख़त में उल्लेख किया गया है कि अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका का पीछे हटना और तालिबान का तेज़ी से काबुल पर क़ब्ज़ा करना, वाशिंगटन की रणनीतिक और कूटनीतिक हार है।

इस्राईली सैन्य अधिकारियों का कहना है कि दुनिया पर अमरीका की पकड़ दिन प्रतिदिन कमज़ोर हो रही है और अमरीका अब काफ़ी कमज़ोर हो गया है।

उन्होंने बेनेट से कहा कि ओस्लो प्रक्रिया के फ़ार्मूले के आधार पर फ़िलिस्तीनी अथॉरिटी के साथ अंतिम स्थिति के समझौते को पुनर्जीवित करने के बाइडन प्रशासन की योजना को विरोध किया जाए और व्हाइट हाउस को यह समझाने का प्रयास किया जाए कि पिछली सरकारों के दृष्टिकोण अब प्रासंगिक नहीं रह गए हैं।

ख़त में ज़ोर देकर कहा गया है कि अब अमरीका 30 साल पहले वाला अमरीका नहीं है, रूस और ईरान अब क्षेत्र की बड़ी शक्तियां हैं। इस्लामी फ़ोर्सेज़ भी समन्वय के साथ तेज़ी से अपना विस्तार कर रही हैं। अमरीका तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि मध्यपूर्व में शांति के लिए मौजूदा फ़ार्मूला कारगर नहीं है, अब नए फ़ार्मूलों पर विचार करने की ज़रूरत है।