13 अगस्त 2021 - 15:40
एक कंपनी देश की राजनीतिक दिशा तय करने की कोशिश कर रही है, राहुल गांधी

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने अपने और अपनी पार्टी के तमाम अकाउंट्स को लॉक करने को लेकर ट्विटर की कड़ी आलोचना की है।

उन्होंने एक वीडियो बयान जारी करके कहा है कि एक कंपनी देश की राजनीति की दिशा तय करने की कोशिश कर रही है। यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है। यह राहुल गांधी पर हमला नहीं है। यह सिर्फ़ मेरी आवाज़ को बंद करने की बात नहीं है, बल्कि लाखों करोड़ों लोगों को चुप करने का मामला है।

राहुल गांधी का कहना था कि मेरे ट्विटर अकाउंट को बंद करके एक कंपनी ने राजनीतिक प्रक्रिया में दख़ल दिया है। कारोबार करने वाली एक कंपनी राजनीति की दिशा तय कर रही है।

कांग्रेस लीडर ने कहा कि एक राजनेता के तौर पर मैं इस तरह की चीजें पसंद नहीं करता हूं। यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है।

गांधी का कहना था कि यह सिर्फ़ राहुल गांधी को चुप कराने की बात नहीं है। मेरे 19 से 20 मिलियन के क़रीब फ़ॉलोअर्स हैं, और आप उन्हें अपनी राय व्यक्त करने से रोक रहे हैं। आप यह क्या कर रहे हैं। इस हरकत से ट्विटर ने यह साबित किया है कि वह न्यूट्रल प्लेटफॉर्म नहीं है। निवेशकों के लिए यह ख़तरनाक चीज़ है, क्योंकि राजनीतिक मुक़ाबले में किसी की साइड लेना ट्विटर के लिए ग़लत अंजाम वाला हो सकता है।

कांग्रेस लीडर ने कहा कि हमारे लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। हमें संसद में भी बोलने नहीं दिया जा रहा है। मीडिया पर नियंत्रण है। मैं मानता हूं कि एक उम्मीद की किरण थी, जहां हम ट्वीट के ज़रिए अपनी बात रख सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं है। इससे पता चलता है कि ट्विटर न्यूट्रल प्लेटफॉर्म नहीं है। यह पक्षपाती प्लेटफॉर्म है और यह वही सुनता है, जो मौजूदा सरकार कहती है।

यही नहीं राहुल गांधी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हमें सवाल पूछना चाहिए कि क्या हम कंपनियों को अपनी राजनीतिक दिशा तय करने का अधिकार दे सकते हैं क्योंकि सरकार उसके साथ है?