हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार कुछ समय पहले आइसक्रीम बनाने वाली अमरीका की प्रसिद्ध कंपनी बेन एंड जेरी ने फ़िलिस्तीन के अतिग्रहित क्षेत्रों में बनायी गयीं ग़ैर क़ानूनी बस्तियों में अपनी आइसक्रीम न बेचने का फ़ैसला किया था जिसको मानवाधिकार के अंतर्राष्ट्रीय संगठन एमेनेस्टी इन्टरनेश्नल ने क़ानूनी मानते हुए उसके फ़ैसले का समर्थन करने की घोषणा की थी।
एमेनेस्टी इन्टरनेश्नल ने अपने जारी बयान में कहा है कि फ़िलिस्तीन के अतिग्रहित इलाक़ों में बनी इस्राईली बस्तियां ग़ैर क़ानूनी हैं और उनके निर्माण अंतर्राष्ट्रीय नियमों और क़ानूनों के विरुद्ध भी समझे जाते हैं।
बयान में कहा गया है कि ग़ैर क़ानूनी बस्तियों के निवासियों से सीधे फ़िलिस्तीनियों के मानवाधिकार के उल्लंघन से गहरा संबंध है।
एमेनेस्टी इन्टरनेश्नल का कहना है कि अतिग्रहित क्षेत्रों में इस्राईली बस्तियों के निर्माण के मुद्दे के विस्तार का मक़सद आर्थिक हित हासिल करना है और इन ग़ैर क़ानूनी कार्यवाहियों की पूरी ज़िम्मेदारी उन कंपनियों पर होती हैं जो इस्राईली बस्तियों के रहने वालों का समर्थन कर रही हैं।