10 जुलाई 2021 - 19:14
ईरान, परमाणु हथियारों के बग़ैर भी हमारे लिए अस्ल ख़तरा है, हिज़्बुल्लाह से जंग हुई तो 1000 इस्राईली मारे जा सकते हैंः इस्राईली कमांडर

इस्राईल के पूर्च चीफ़ ऑफ़ आर्मी स्टाफ़ ने कहा है कि ईरान हमेशा इस्राईल के लिए ख़तरा है, चाहे उसके पास परमाणु हथियार हों या न हों।

गैडी इज़नकोट ने जेरुसलम पोस्ट से बात करते हुए, ग़ज़ा की हालिया 11 दिवसीय लड़ाई की तरफ़ इशारा किया और कहा कि प्रतिरोधकर्ता गुटों ने 5 मिनट में 130 राॅकेट और मीज़ाइल, इस्राईली इलाक़ों की तरफ़ फ़ायर किए ताकि हमारा एयर डिफ़ेंस सिस्टम आयरन डोम उन्हें निष्क्रिय न बना सके। उन्होंने कहा कि इस्राईली सेना ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि हिज़्बुल्लाह के साथ किसी भी तरह की अगली जंग, कहीं ज़्यादा नुक़सान पहुंचाएगी और हो सकता है उसमें 1000 से ज़्यादा इस्राईली मारे जाएं।

इस्राईल के पूर्च चीफ़ ऑफ़ आर्मी स्टाफ़ ने कहा कि फ़िलिस्तीन के मामले में और ख़ास कर ग़ज़ा के बारे में हमारी स्ट्रेटीजी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। गैडी इज़नकोट ने कहा कि हमें ग़ज़ा के मुक़ाबले में अपनी प्रतिरक्षा शक्ति को अधिक मज़बूत बनाने, संघर्ष विराम की अवधि बढ़ाने और हालात को सामान्य स्थिति पर लाने की ज़रूरत है।