13 जून 2021 - 14:43
ईरान की भारत और चीन को जास्क बंदरगाह में पूंजिनिवेश की पेशकश, भारत ऊर्जा सुरक्षा की ओर से हो सकता है निश्चिंत

भारत में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राजदूत ने देश के दक्षिणी प्रांत हुर्मुज़्गान में स्थित जास्क बंदरगाह में पूंजिनिवेश के लिए भारत और चीन को आमंत्रित किया है।

अली चगेनी ने कहा कि ईरान, जास्क बंदरगाह में ऊर्जा के क्षेत्र में भारत और चीन के पूंजिनिवेश का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि भारत, जास्क बंदरगाह में तेल के स्ट्रैटिजिक भंडारण का निर्माण कर सकता है और तेल की पाइप लाइन का निर्माण कर इस बंदरगाह से, ऊर्जा की आपूर्ति में संभावित रुकावट की हालत में भी, ऊर्जा सुरक्षा की ओर से निश्चिंत हो सकता है।

भारत में ईरान के राजदूत अली चगेनी ने कहा कि ईरान में ऊर्जा के क्षेत्र में पूंजिनिवेश हेतु भारत के लिए अपार मौक़े हैं। उन्होंने बल दिया की भारत, ईरान के सिस्तान व बलोचिस्तान प्रांत के चाबहार मुक्त क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल और केमिकल खाद के कारख़ाने का सीधे तौर पर या ईरानी कंपनियों के साथ मिल कर निर्माण कर सकता है।