18 मई 2021 - 18:39
60 युद्धक विमानों से एक ही दिन में फ़िलिस्तीनियों के 65 ठिकानों पर हमले लेकिन फ़िलिस्तीनी अब भी हैं मुक़ाबले में डटे हुए

ज़ायोनी शासन की सेना ने ग़ज्ज़ा पट्टी के 65 स्थानों पर 60 युद्धक विमानों से आज लगातार हमले किये।

फार्स न्यूज़ के अनुसार ज़ायोनी सेना के प्रवक्ता हेदाई ज़ेलबरमेन ने एक प्रेस कांफ़्रेस में यह दावा किया कि मंगलवार को इस्राईली सेना के 60 युद्धक विमानों ने आधे घण्टे के भीतर 65 फ़िलिस्तीनी ठिकानों पर बमबारी की।  अधिकाशं हमले पश्चिमी ग़ज़्जा में किये गए।

अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन के अल्लुद नगर में फ़िलिस्तीनियों और ज़ायोनियों के बीच गंभीर झड़पें हुई हैं जहां पर 48 घण्टों के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है।

इसी बीच अतिवादी ज़ायोनियों ने सोमवार की रात नेतनयाहू के निवास स्थल के बाहर प्रदर्शन करते हुए ग़ज़्ज़ा पट्टी पर हमले जारी रखने और अधिक से अधिक फ़िलिस्तीनियों की हत्या करने का आह्वान किया है।

ज्ञात रहे कि ज़ायोनी शासन की ओर से हर प्रकार के हथकण्डों और बल प्रयोग करने के बावजूद निहत्थे फ़िलिस्तीनी पूरेे जज़्बे के साथ मैदान में डटे हुए हैं और पीछे हटने का नाम नहीं ले रहे हैं।  इस्राईली सेना ने यह बात स्वीकार की है कि हालिया लड़ाई में फ़िलिस्तीन के हमास और जेहादे इस्लामी संगठनों ने 3100 से अधिक मिसाइल ग़ज़्ज़ा पट्टी से इस्राईली इलाक़ों पर फ़ायर किए हैं।

इस्राईली विशेषज्ञों का कहना है कि हमास और जेहादे इस्लामी संगठनों का मिसाइलों का भंडार जल्दी ख़ाली होने वाला नहीं है।इस्राईली विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि हमें पूरा विश्वास है कि हमास के पास लंबी रेंज के बहुत सारे मिसाइल मौजूद हैं जिनसे वह ग़ज़्ज़ा से तेलअवीव और अन्य शहरों को निशाना बना सकता है।