7 मई 2021 - 16:40

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीकी राष्ट्रपति को ट्रम्प की नाकाम विरासत या परमाणु समझौते में वापसी में से किसी एक विकल्प को चुनना होगा।

शुक्रवार को ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने अमरीकी टीवी चैनल एनबीसी के मॉर्निंग जो कार्यक्रम में बात करते हुए कहा कि पूर्ण प्रतिबंधों के निरस्तीकरण और उनके सत्यापन के अलावा, तेहरान को कोई फ़ैसला स्वीकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि ईरान पर अधिकतम दबाव की पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की नीति का कोई नतीजा नहीं निकला है, इसलिए बाइडन शासन के सामने अब परमाणु समझौते का विकल्प मौजूद है, जिसका सभी पक्षों को पालन करना होगा।

ख़तीबज़ादे का कहना था कि ईरान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा और इसके बारे में किसी से कोई बात भी नहीं होगी।

नतंज़ परमाणु केन्द्र पर इस्राईल के हमलों के बारे में पूछे जाने पर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि ईरान के पास इन हमलों के ख़िलाफ़ जवाबी कार्यवाही का अधिकार सुरक्षित है।