भारत, ओमान खाड़ी में ईरान की चाबहार बंदरगाह के एक भाग को विकसित कर रहा है, ताकि ईरान, अफ़ग़ानिस्तान और मध्य एशिया तक अपने व्यापार का विस्तार कर सके।
इसी हफ़्ते भारत ने चाबहार बंदरगाह के लिए दो मोबाइल हार्बर क्रेन (एमएचसी) की आपूर्ति की है। इस क़दम से बंदरगाह को बिना बाधा के माल चढ़ाने-उतारने में मदद मिलेगी। बंरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत ने ईरान के चाबहार बंदरगाह को दो एमएचसी की आपूर्ति की है। यह खेप 6 मोबाइल हार्बर क्रेन (एमएचसी) की आपूर्ति के लिए किये गये एक अनुबंध समझौते के तहत भेजी गयी है।
इटली की कंपनी इटलगुरु द्वारा निर्मिन 6 क्रेनों में से दो क्रेनों के अगले कुछ हफ़्तों में चाबहार बंदरगार पहुंचने की संभावना है। 140 मीट्रिक टन भार उठाने की क्षमता से लैस मोबाइल हार्बर क्रेन (एमएचसी) जैसे बहुउद्देशीय उपकरण और सामान भारत पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड (आईपीजीएल) को चाबहार के शाहीद बहिश्ती बंदरगाह में कंटेनर, बल्क और जनरल कार्गो की निर्बाध सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनायेंगे।
भारतीय अधिकारियों को उम्मीद है कि मई के अंत तक पूर्ण रूप से इन टर्मिनल्स का संचालन शुरू हो जाएगा।