21 मार्च 2021 - 17:01
सन् 1400 हिजरी शमसी कठिनाइयों और आर्थिक युद्ध की समाप्ति का साल हैः रूहानी

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी का कहना है कि ईरानी कैलेंडर के नए साल सन् 1400 में ईरानी अर्थव्यवस्था फिर से विकास के पथ पर अग्रसर होगी और दुश्मन के आर्थिक युद्ध के मुक़ाबले में ईरानी जनता के तीन वर्षीय प्रतिरोध का प्रतिफल प्राप्त होगा।

रविवार को नए साल के पहले दिन सरकार की आर्थिक समन्वय समिति की बैठक में सरकार की सफल आर्थिक गतिविधियों को जारी रखने पर ज़ोर दिया गया। राष्ट्रपति रूहानी ने इस बैठक में उल्लेख किया कि उनकी सरकार पिछले तीन बरसों से अमरीका के अभूतपूर्व आर्थिक दबाव का सामना कर रही है और बहुत ही कठिन परिस्थतियों में सरकार ने देश की अर्थव्यस्था को बचाया है। उन्होंने कहाः उनकी सरकार इस साल भी उत्पादन के मार्ग में आने वाली रुकावटों को दूर करते हुए संतुलित विकास और प्रगति की प्रक्रिया को जारी रखने का हर संभव प्रयास करेगी।

 

पिछले साल उत्पादन में वृद्धि के नारे को व्यवहारिक बनाने के लिए उठाए गए क़दमों के बारे में रूहानी ने कहाः पिछले साल इस नारे को व्यवहारिक बनाने के लिए आधारभूत ढांचे को विकसित करने पर ध्यान दिया गया, जिसके परिणाम स्वरूप धीरे धीरे लोगों के जीवन में परिवर्तन आएगा और देश विकास करेगा। उन्होंने देश के विकास में प्राइवेट सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी ज़ोर दिया।