19 फ़रवरी 2021 - 13:59
अमरीका ने जेसीपीओए में लौटने का दिया इशारा, ईरान ने कहा पहले पाबंदियाँ हटे

विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि अमरीका ट्रम्प की ओर से लगायी गयी पाबंदियों को बिना किसी शर्त के, प्रभावी तरीक़े से ख़त्म करे।

उन्होंने शुक्रवार को अमरीका के स्नैपबैक मेक्निज़म से पीछे हटने के क़दम पर ट्वीट में लिखाः अमरीका ने यह बात क़ुबूल कर ली कि प्रस्ताव 2231 के बारे में पोम्पियो के दावे का कोई क़ानूनी आधार नहीं है, इस बात से हम भी सहमत हैं।

जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि अमरीका प्रस्ताव 2231 का पालन करते हुए ट्रम्प की ओर से लगायी गयीं सभी पांबदियों को बिना किसी शर्त के प्रभावी ढंग से ख़त्म करे।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री ने बल दिया कि अमरीका की ओर पांबदियाँ ख़त्म होने के बाद, ईरान भी अपनी प्रतिबद्धताओं को कम करने की दिशा में उठाए गए क़दम से वापस लौट आएगा।

इस बीच अमरीका की नई सरकार ने देश की पिछली सरकार की ईरान के ख़िलाफ़ ज़्यादा से ज़्यादा पाबंदियां लगाने की नीतियों के नाकाम होने के मद्देनज़र, एलान किया कि वह ईरान के ख़िलाफ़ पाबंदियाँ हटने से संबंधित उस समझौते में वापस आ रहा है जिसकी सुरक्षा परिषद ने पुष्टि की है। उसका इशारा जेसीपीओए की ओर है।