15 फ़रवरी 2021 - 11:20
सऊदी अरब के प्रसिद्ध प्रचारक की कौन कर रहा है जासूसी? घर और गाड़ियों में लगे हैं कैमरे, आले सऊद को किस चीज़ का है डर

समाचार एजेंसी तसनीम ने अरबी-21 न्यूज़ चैनल के हवाले से रिपोर्ट दी है कि, आले सऊद के रहस्यों से पर्दा उठाने वाले सोशल मीडिया पर सक्रिय कार्यकर्ता मुज्तहिद ने एक नया रहस्योद्घाटन करते हुए बताया है कि सऊदी अरब के प्रसिद्ध इस्लामिक प्रचारक मोहम्मद अलओरैफी को आले सऊद द्वारा लगातार नज़र में रखा जा रहा है और उनकी जासूसी की जा रही है।

मुज्तहिद ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा है कि, मोहम्मद अलओरैफ़ी की शारीरीक एवं मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मुज्तहिद के अनुसार, इस प्रसिद्ध सऊदी प्रचारक के सभी सोशल मीडिया एकाउंट को भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने आगे बताया है कि, आले सऊद शासन के अधिकारियों ने अलओरैफ़ी को पूरी तरह अपने कंट्रोल में कर लिया है और उनपर दबाव बना रहे हैं कि वह अपनी गतिविधियों को सीमित करें और कोई भी काम करने से पहले आले सऊद शासन से इजाज़त लें।

मुज्तहिद ने अपने ट्वीटर पेज पर लिखा है कि, आले सऊद शासन ने जासूसी के उपकरणों को अलओरैफ़ी के घर और गाड़ियों में लगा दिया है ताकि उनके द्वारा अंजाम दी जाने वाली सभी गतिविधियों पर पूरी तरह नज़र रखी जा सके।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले यह ख़बरें आईं थीं कि आले सऊद शासन के अधिकारी लगातार सऊदी प्रचारक अलओरैफ़ी को भाषण देने से रोक रहे हैं। साथ ही उनके एक बेटे को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है। ऐसी भी सूचना है कि, सऊदी शासन ने अलओरैफ़ी के ट्वीटर पेज को बंद कर दिया है। यह ऐसी स्थिति में है कि जब अलओरैफ़ी के ट्वीटर पर 2 करोड़ से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके एकाउंट बंद किए जाने पर सोशल मीडिया पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है।