आईआरजीसी के कमांडर, एडमिरल "आर्या शफ़क़त रूदसरी" ने शुक्रवार को कराची में पाकिस्तान की नौसेना के प्रमुख नवेद शरीफ़ से भेंटवार्ता की। यह मुलाक़ात, पाकिस्तान की नौसेना के नेतृत्व में किये जाने वाले सातवें बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास "आमन-2021" के उद्घाटन समारोह से इतर की गई। दोनो पक्षों ने समुद्री सुरक्षा और ईरान एवं पाकिस्तान की नौसेनाओं के बीच सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
पाकिस्तान के नौसेना प्रमुख ने संयुक्त बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में ईरान की उपस्थिति को महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी प्रशंसा की। दोनो पक्षों ने एक-दूसरे की बंदरगाहों की यात्रा करके दोनो नौसेनाओं के बीच सहयोग के विस्तार पर बल दिया।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के कराची नगर में इस देश की नौसेना की मेज़बानी में 45 देशों की भागीदारी से शुक्रवार को "आमन-2021" के नाम से बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास आरंभ किया गया है जिसमें ईरान भी भाग ले रहा है। यह संयुक्त सैन्य अभ्यास दो वर्षों में एक बार किया जाता है जो सन 2007 से आरंभ हुआ है। यह बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 16 फ़रवरी तक जारी रहेगा।