ईरान के स्वास्थ्य मंत्री सईद नमकी ने कहा कि रूस से कोविड-19 के टीके की पहली खेप के आयात के साथ ही मंगलवार को आईसीयू में काम करने वालों को सबसे पहले कोरोना का टीका लगेगा।
इरना के मुताबिक़, उन्होंने मंगलवार को तेहरान में राज़ी कोरोना टीका के इंसानों पर अध्ययन के चरण की शुरूआत के समारोह में कहाः देश के भीतर कोरोना के टीके के उत्पादन की जारी कोशिश के साथ साथ दुनिया में कोरोना के सबसे ज़्यादा भरोसेमंद टीकों में रूस के टीके को मंगवाया गया।
सईद नमकी ने कहा कि कोरोना का टीका मंगवाने की हमारी शर्त यह थी कि जो भी टीका आए वह इंसानों पर अध्ययन के तीसरे चरण से गुज़र चुका हो, हालांकि क्षेत्र के कुछ देशों ने इस टीके को तीसरे चरण के दौरान ही लगाना शुरू कर दिया।
दूसरी ओर ईरान पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से 57 लोगों की मौत हुयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस के 7 हज़ार से ज़्यादा नए केस सामने आए हैं, जिसमें 544 लोग भर्ती हुए जबकि बाक़ी लोगों को ओपीडी पेशन्ट के तौर पर देखा गया।
उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस की चपेट में आने वालों की कुल तादाद अब तक 14 लाख 66 हज़ार 435 हो चुकी है। पिछले चौबीस घंटे में इस वायरस से 57 लोगों की मौत के साथ ही इस वायरस से मरने वालों की कुल तादाद 58 हज़ार 469 हो गयी है। ईरान में अब तक 12 लाख 53 हज़ार 554 लोग इस वायरस से ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।
दुनिया में कोरोना वायरस के अब तक 10 करोड़ 60 लाख 3 हज़ार 585 केस सामने आए हैं जिसमें 7 करोड़ 76 लाख 42 हज़ार 997 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि इस वायरस से मरने वालों की तादाद 23 लाख 11 हज़ार 1 हो चुकी है।
अमरीका, भारत, ब्राज़ील, रूस और यूके दुनिया कोविड-19 से क्रमशः सबसे ज़्यादा प्रभावित देश हैं।