राष्ट्रपति हसन रुहानी ने गुरुवार को अपने एक बयान में कहा कि हालांकि अमरीकियों ने इस राजनीतिक युद्ध में विभिन्न प्रकार के हज़ारों विशेषज्ञों से मदद ली लेकिन हमने अपने कुछ गिने चुने कूटनियकों के साथ मोर्चा संभाला और जीत गये।
राष्ट्रपति ने कहा कि इस से पहले भी अमरीकी प्रतिबंधों के खिलाफ ईरान के मुक़द्दमे में अंतरराष्ट्रीय हेग अदालत ने हज़ारों अमरीकी वकीलों की कोशिशों के बावजूद, ईरान के हित में फैसला दिया और कहा था कि अमरीका को मानवीय क्षेत्रों के सभी प्रतिबंधों को खत्म करना चाहिए हालांकि अमरीकियों ने इस आदेश का पालन न करके एक और अपराध किया।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस चरण में अमरीकियों ने यह साबित करने की कोशिश की कि अदालत ईरान के शिकायत पर सुनवाई ही नहीं कर सकती लेकिन बुधवार को अदालत ने अमरीका के खिलाफ फैसला सुना दिया और यह ईरान की बहुत बड़ी क़ानूनी जीत है और इससे यह साबित हो गया कि हमारा राष्ट्र कितना महान है और हमारे शिक्षित युवा, कूटनीति और क़ानून के क्षेत्र में बेहद सफल हैं।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि हेग की अंतरराष्ट्रीय अदालत ने अमरीका के इस दावे को खारिज कर दिया है कि यह अदालत अमरीका के खिलाफ ईरान के मुक़द्दमे की सुनवाई का अधिकार नहीं रखती।