3 फ़रवरी 2021 - 18:24
अपने देश की गंभीर स्थिति की वजह से 80 प्रतिशत अमरीकी, टेंशन का शिकारः सर्वेक्षण

अमरीका की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस देश के 80 प्रतिशत लोग अवसाद का शिकार हो चुके हैं।

एक अध्ययन से यह बात साफ हुई है कि अमरीका में इस समय लगभग 80 प्रतिशत लोग इस देश की ताज़ा स्थिति के कारण तनाव का शिकार हैं।

अध्ययन के अनुसार राजनीतिक असंतोष, बढ़ती हिंसा, गिरती अर्थव्यवस्था, कोविड-19 का बढ़ता प्रकोप, कोरोना के कारण लाखों अमरीकियों की मौत और इसी प्रकार की बहुत सी राष्ट्रीय समस्याओं की वजह से अमरीकी बहुत परेशान हैं।  हाल ही में कराए गए सर्वेक्षण से बात सामने आई है कि देश के तनावपूर्ण वातावरण ने 80 प्रतिशत अमरीकियों को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है।

84 प्रतिशत अमरीकी नागरिकों का यह मानना है कि उनका देश इस समय गंभीर सामाजिक समस्याओं से भी जूझ रहा है जिनसे निपटना बहुत ज़रूरी है।  अध्ययन में शामिल संस्था के अधिकारी आर्थर सी इवान्स के अनुसार अमरीका  के हालात ने 81 प्रतिशत लोगों को, कोरोना महामारी ने 80 प्रतिशत लोगों को और राजनीतिक स्थितियों ने 74 प्रतिशत लोगों पर नकारात्मक असर डाला है।

इस अध्ययन में शामिल संस्था के अधिकारी आर्थर सी इवान्स के अनुसार वैसे तो कई अमेरिकी लंबे समय से तनाव में हैं किंतु देश के हालात, रोजगार की स्थिति और शिक्षा आदि की चिंता लगातार उन्हें परेशान किए हुए है जिसका असर उनकी मानसिक स्थिति पर होना सामान्य बात है।  मुख्य बात यह है कि इनकी पहचान करते हुए उन्हें राहत दिलाने पर काम किया जाना चाहिए।

इस सर्वेक्षण में भाग लेने वाले कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अमरीका को वर्तमान स्थिति में लाने में किसी हद तक पिछली सरकार अर्थात ट्रम्प प्रशासन की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है।