अमरीकी कांग्रेस के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख योगानंद पिटमैन ने गुरुवार को कांग्रेस के अधिकारियों से मांग की है कि 6 जनवरी को ट्रम्प समर्थकों द्वारा घातक हमले के बाद जो बाड़ और बैरिकेड्स लगाए गए हैं, उन्हें स्थायी रूप से लगा रहना चाहिए और कैपिटल हिल के चारों ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंधं रहने चाहिए, ताकि अन्य किसी भी हंगामे और हमले से बचा जा सके।
पिटमैन का कहना था कि मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि बाड़ और बैरिकेड्स समेत कांग्रेस परिसर के चारो ओर जो सुरक्षा ढांचा खड़ा किया गया है, उसे स्थायी रूप देना चाहिए।
कांग्रेस की पुलिस और एजेंसियों के अधिकारी 6 जनवरी की घटना की समीक्षा में लगे हुए हैं और कैपिटल कॉम्पलेक्स की सुरक्षा स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं।
ट्रम्प के समर्थकों ने उनके उकसावे में आकर 6 जनवरी को कैपिटल हिल पर धावा बोल दिया था।
इस हमले ने विश्व स्तर पर अमरीका की लोकतांत्रिक छवि को बहुत ख़राब किया था। इस हमले से कांग्रेस की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए थे।
ट्रम्प ने आख़िर तक अपनी हार स्वीकार नहीं की, हालांकि अब उन पर सिनेट में महाभियोग चल रहा है और अगले चुनाव में उनकी उम्मीदवारी पर प्रतिबंध लगने की संभावना है।