11 जनवरी 2021 - 16:36
आज अमरीकी संसद में अहम वोटिंग...उप राष्ट्रपति पेन्स से की जाएगी ट्रम्प को बर्ख़ास्त करने की मांग...दबाव से बेफ़िक्र सीमाओं की यात्रा पर जाना चाहते हैं ट्रम्प...कांग्रेस पर हमले की नई जानकारियां

अमरीकी प्रतिनिधि सभा में सोमवार को एक बिल पर वोटिंग होने जा रही है जिसमें उप राष्ट्रपति माइक पेन्स से मांग की गई है कि वह राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को बर्ख़ास्त करें। उधर सीबीएस टीवी चैनल ने रिपोर्ट दी है कि ट्रम्प त्यागपत्र देने का कोई इरादा नहीं रखते और उन्हें किसी दबाव की कोई चिंता नहीं है।

ट्रम्प अपने सत्ताकाल के आख़िरी दिनों में अमरीका मैक्सिको सीमा का दौरा करने का इरादा रखते हैं। इस बीच अमरीकी प्रतिनिधि सभा की चेयर परसन नेन्सी पेलोसी ने कहा कि सदन में इस प्रस्ताव पर वोटिंग की जाएगी जिसमें उप राष्ट्रपति माइक पेन्स से मांग की गई है कि राष्ट्रपति ट्रम्प को बर्ख़ास्त करें जबकि दूसरी ओर संसद ट्रम्प पर मुक़द्दमा चलाने की तैयारी भी कर रही है।

पेलोसी ने सांसदों के नाम संदेश में कहा कि वह उस बिल के पक्ष में मतदान करें जिसमें उप राष्ट्रपति माइक पेन्स से मांग की गई है कि वह संविधान के 25वें संशोधन को प्रयोग करें जिसमें उप राष्ट्रपति को अधिकार दिया गया है कि अगर राष्ट्रपति सत्ता संचालन में अक्षम हो जाए तो उसे उप राष्ट्रपति हटा सकता है। प्रस्ताव में कहा गया है कि ट्रम्प देश के लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर ख़तरा बन गए हैं।

संदेश में कहा गया है कि अगर पेन्स ट्रम्प को हटाने के लिए कार्यवाही नहीं करते हैं तो संसद अगला क़दम उठाएगी अर्थात ट्रम्प पर कांग्रेस में मुक़द्दमा चलाने की औपचारिकताएं शुरू कर दी जाएंगी।

सीएनएन ने उप राष्ट्रपति पेन्स के क़रीबी सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट पहले ही दी है कि अगर ट्रम्प बेक़ाबू होते गए तो उन्हें हटाने की कार्यवाही शुरू की जा सकती है।

इसी बीच डेमोक्रेट सांसद जैसन क्रो ने कहा कि सैनिक मामलों के मंत्री राएन मैकर्थी ने उन्हें बताया है कि कांग्रेस पर हमले की घटना के बाद आतंकवाद से संबंधित 25 मुक़द्दमे दायर किए गए हैं। मैकर्थी ने यह भी बताया कि पेंटागोन को किसी बड़ी घटना की आशंका पहले से थी क्योंकि कई लोगों से बम और ख़तरनाक हथियार ज़ब्त किए गए थे।