10 जनवरी 2021 - 15:34
वेनेज़ोएला की मदद के लिए ला ग्वेरा बंदरगाह पहुंचा ईरानी कार्गो शिप, अमरीकी पाबंदी को दी चुनौती

लंबे समय से व्यापारिक भागीदार व दोस्त देश ईरान और वेनेज़ोएला की ओर से अमरीका की अवैध पाबंदियों को चुनौती देने का सिलसिला जारी है।

इसी क्रम में ईरान का कार्गो शिप वेनेज़ोएला की ला ग्वेरा बंदरगाह पहुंच गया है।

रोयटर्ज़ ने जहाज़ों की ट्रैकिंग डेटा की वेबसाइट Refinitiv Eikon के हवाले से कहा कि ईरानी झंडे वाला कार्गो जहाज़ गुलसान, गुरूवार को ला ग्वेरा बंदरगाह  पहुंचा। यह जहाज़ नवंबर के अंत में ईरान से चला था।

वेनेज़ोएला को अमरीका की ओर से लगायी गयी एकपक्षीय पाबंदियों की वजह से पेट्रोल की कमी का सामना है।

वेनेज़ोएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल का भंडार है। इसकी रिफ़ाइनरियों से प्रतिदिन 13 लाख बैरल तेल रिफ़ाइन हो सकता है, लेकिन अमरीकी पाबंदियों की वजह से स्पेयर पार्ट्स की कमी और बिजली की कटौती के नतीजे में इसकी रिफ़ाइनरियों की क्षमता का सिर्फ़ 20 फ़ीसद भाग ही उपयोग हो रहा है।

ईरान पेट्रोल और अल्कलेट से लदे कई टैंकर अब तक वेनेज़ोएला भेज चुका है ताकि इस देश की तेल की रिफ़ाइनरियाँ फिर से काम करने लगें।

ईरान की ओर से वेनेज़ोएला को ईंधन की सप्लाई से, अमरीका चिढ़ा हुआ है। उसने धमकी दी थी कि वह ईरान की ओर से भेजे गए ईंधन को वेनेज़ोएला नहीं पहुंचने देगा।

अमरीकी धमकी पर ईरान ने जवाबी कार्यवाही की चेतावनी दी थी।