8 जनवरी 2021 - 18:18
ईरान दुश्मन अमरीकी टीकाकार जिसकी ओर वरिष्ठ नेता ने किया था इशारा, कौन है और क्यों?

इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने ईरान विरोधी एक ऐसे कट्टर टीकाकार की और संकेत किया है जो वर्षों से अपनी दुश्मनी को जारी रखे हुए है।

इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने शुक्रवार को क्षेत्र को अस्थिर बनाने के अमरीकी षडयंत्र के संबन्ध में अमरीकी थिंकटैंक के एक प्रसिद्ध नियोकंज़रवेटिव, विशलेषक और इतिहासकार की ओर संकेत किया है जो ईरान से दुश्मनी में बहुत आगे है।

आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने पश्चिमी एशिया और ईरान को अस्थिर बनाने की अमरीकी योजना के बारे में बताया। इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता का कहना है कि वर्तमान समय में अमरीका क्षेत्र में अस्थिरता को अपने हित में समझता है और इस बात को वह कई बार कह भी चुका है ताकि वह ख़ुद को क्षेत्र पर पूरी तरह हावी कर सके।  उन्होंने Michael Arthur Ledeen "माइकल आथर लेडीन" के विचारों का उल्लेख किया।  वरिष्ठ नेता ने कहा कि एक अमरीकी थिंकटैंक ने यह बात कही है जिसे बहुत से लोग जानते हैं।

वरिष्ठ नेता कहते हैं कि इस अमरीकी विश्लेषक का कहना है कि हम ईरान, इराक़, सीरिया और लेबनान में स्थिरता के पक्षधर नहीं हैं।  हम नहीं चाहते हैं कि इन देशों में स्थिरता रहे।  यह अमरीकी विश्लेषक कहता है कि मुख्य विषय इन देशों में स्थिरता या अस्थिरत नहीं है बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि वहां पर किस प्रकार की अस्थिरता रहे।  कभी दाइश को प्रयोग करके या फिर दूसरे हथकण्डे अपनाकर एसा किया जाए।

माइकल आथर लेडीन "दूसरे इराक़ युद्ध के दौरान राष्ट्रपति की नीतियां" शीर्षक के अंतर्गत अपनी किताब के 52वें पेज पर ईरान, इराक़ और सीरिया की सरकारों को आतंकवादी बताते हुए इनको गिराने की बात कहते हैं।  वे बाद में स्पष्ट शब्दों में कहते हैं कि अमरीका के लिए स्थिरता, एक तुच्छ और भ्रामक अवधारणा है।  हम ईरान, इराक़, सीरिया, लेबनान यहां तक कि सऊदी अरब में भी स्थिरता के पक्ष में नहीं हैं।  हम चाहते हैं कि चीज़ें बदलती रहें।महत्वपूर्ण बात यह नहीं है कि क्या अस्थिरता को उत्पन्न किया जाए या नहीं बल्कि महत्व इस बात का है कि उसे किस प्रकार से पैदा किया जाए?

इन बातों से इस अमरीकी  नियोकंज़रवेटिव, विशलेषक की शत्रुता का पता चलता है जो अमरीका के विभिन्न पदों पर रह चुका है।  आरथर लेडीन, इराक़ के विरुद्ध अमरीकी युद्ध का खुला समर्थक रहा है। "माइकल आथर लेडीन" 20 वर्षों तक, ईरान विरोधी अमरीकी थिंकटेंक, "अमेरिकन एंटरप्राइज़ेज़" में शोधकर्ता के रूप में कार्यरत रहा है।  वर्तमान समय में माइकल लेडीन, ज़ायोनी लाॅबी की एक संस्था Foundation for the Defence of Democracies में कार्यरत है जो खुली ईरान विरोधी है।  ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों का इसे मास्टर माइंड भी माना जाता है।  इस प्रभावशाली अमरीकी विश्लेषक की ईरान से शत्रुता का आलम यह है कि न्यूयार्क टाइम्स ने सन 2007 में लिखा था कि माइकल लेडीन का मानना है कि अस्ल क़ुसूरवार ईरान ही है।