इंडोनेशिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टियूकू फ़ैज़ासिया ने एक बयान जारी करके कहा है कि ऐसी कोई संभावना नहीं है और मंत्रालय ने कभी भी इस्राईल के साथ संपर्क नहीं किया है।
फ़ैज़ासिया का कहना था कि फ़िलिस्तीनी मुद्दे के संबंध में इंडोनेशिया की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और संविधान के मुताबिक़ ही इस मुद्दे के बारे में नीति तैयार की जाती है।
रविवार को इस्राईली अख़बार येरूशलम पोस्ट ने दावा किया था कि आने वाले हफ़्तों में ओमान और इंडोनेशिया तेल-अवीव के साथ संबंधों को सामान्य बनाने वाला समझौता करने वाले हैं।
इस रिपोर्ट में एक अज्ञात राजनयिक सूत्र के हवाले से यह भी दावा किया गया था कि इन दोशों के साथ वार्ता में काफ़ी प्रगति हो चुकी है और 20 जनवरी को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के व्हाइट हाउस छोड़ने से पहले ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
ग़ौरतलब है कि इंडोनेशिया ने हमेशा से ही फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों का ज़ोरदार समर्थन किया है और इस्राईल को मान्यता देने से इनकार किया है।