मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने गुरुवार को "मेडिट्रेनियन डायलाॅग" की बैठक में वीडियो लिंक के ज़रिये भाग लिया। उन्होंने इस वार्ता में परमाणु समझौते के ख़िलाफ़ अमरीकी सरकार की कार्यवाहियों के बारे में कहा कि वाॅशिंग्टन ने संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन किया है और ट्रम्प की सरकार एक उद्दंडी सरकार है। उन्होंने कहा कि वाॅशिंग्टन को परमाणु समझौते का उल्लंघन बंद करना चाहिए और हमने परमाणु समझौते में जो कुछ हासिल किया है, उसके बारे में दोबारा वार्ता नहीं करेंगे। विदेश मंत्री ने कहा कि अगर अमरीकी व यूरोप वाले परमाणु समझौते का पालन करें तो हम भी इस समझौते के अंतर्गत अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे।
विदेश मंत्री ज़रीफ़ ने इसी तरह यमन में सऊदी अरब और उसके अरब व पश्चिमी घटकों के अपराधों के बारे में कहा कि पश्चिम यमन में युद्ध का समर्थन करके फ़ार्स की खाड़ी के तटवर्ती अरब देशों को हथियार बेच रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम वालों ने सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या का समर्थन किया और वे इस्राईली आतंकवाद का भी समर्थन कर रहे हैं। विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक शहीद डाॅक्टर मोहसिन फ़ख़्रीज़ादे की हत्या की आतंकी कार्यवाही के बारे में कहा कि डाॅक्टर फ़ख़्रीज़ादे की हत्या एक अंतर्राष्ट्रीय हमला है और हमें अब भी ब्रिटेन, फ़्रान्स व जर्मनी की ओर से इस अपराध की निंदा का इंतेज़ार है।