भारत के कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमने किसानों को आश्वासन देने और समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से आंदोलन ख़त्म करने की मांग करती है और हम किसानों से 3 दिसम्बर को फिर बात करेंगे। सरकार ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि किसान एक समिति बना लें और वह उस समिति से रोज़ाना वार्ता के लिए तैयार है ताकि जल्द नतीजा निकल सके। इस बीच किसानों ने कहा है कि उन्हें समिति बनाने पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन उनका कहना है कि जबतक समिति किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचती और कुछ ठोस बात नहीं निकलती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसान संगठनों का कहना है कि सरकार ऐसा क़ानून ले कर आई है जिससे हमारी ज़मीनें बड़े कॉरपोरेट ले लेंगे इस लिए हमारी मांग है कि इसमें कॉरपोरेट्स को शामिल न किया जाए। किसान नेताओं का कहना था कि सरकार कहती है कि वह किसानों का भला करना चाहती है लेकिन हम कह रहे हैं कि वह हमारा भला न करे। मंत्रियों ने बैठक में टी ब्रेक लिया। वार्ता में एक रोचक पल तब सामने आया जब किसान नेताओं से बैठक के दौरान सरकार के मंत्रियों ने टी ब्रेक लिया और किसानों से भी चाय के लिए पूछा। तभी एक किसान ने खड़े होकर कहा कि मंत्री उनके साथ सिंघु बॉर्डर पर चलें और वहां जलेबियां और लंगर खाएं।