4 नवंबर 2020 - 16:55
209 इलेक्टोरल वोट के साथ ट्रम्प से आगे निकले बाइडेन, पूरे अमेरिका में हाई अलर्ट, दंगों की आशंका बढ़ी

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जनता ने अपना फ़ैसला सुना दिया है और अब वोटों की गिनती जारी है। परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं और डोनल्ड ट्रम्प और जो बाइडेन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी राष्ट्रपति के नतीजे सामने आने लगे हैं. स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, प्रारंभिक काउंटिंग में डोनल्ड ट्रम्प  मिशिगन, जॉर्जिया, कंसास और वर्जीनिया में बढ़त बनाये हुए हैं। वहीं कोलोराडो, कोलंबिया, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, उत्तर कैरोलिना, ओहियो, न्यू हैम्पशायर, पेंसिल्वेनिया और टेक्सास पर डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन की पकड़ मज़बूत है। बता दें कि बहुमत के लिए 270 इलेक्टोरल वोट चाहिए और डेमोक्रेट्स उम्मीदवार जो बाइडेन ने अबतक 209 इलेक्टोरल वोट जीते लिए हैं, जबकि डोनल्ड ट्रम्प को अब तक 118 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। फ्लोरिडा में अभी भी स्थिति साफ़ नहीं हो सकी है। अमेरिका के इस राज्य में दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुक़ाबला देखने को मिल रहा है।

इस बीच डोनल्ड ट्रम्प और जो बाइडेन के बीच जारी कड़ी टक्कर को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि नतीजों के एलान के बाद पूरे अमेरिका में दंगे भड़क सकते हैं। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, दंगों की आशंका को देखते हुए अमेरिका के ज़्यादातर राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतेज़ाम किए गये हैं। बता दें कि 2020 के अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में 67 प्रतिशत वोटिंग हुई है और 16 करोड़ अमेरिकियों ने मतदान किया है। दूसरी ओर दोनों उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। डोनल्ड ट्रम्प ने ट्वीट कर भरोसा जताया कि जनता उन्हें दूसरा मौक़ा ज़रूर देगी। ट्रम्प ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘देशभर में हम अच्छी स्थिति में दिख रहे हैं। शुक्रिया!' ट्रंप भारी मतदान से बेहद ख़ुश हैं और उनका मानना है कि उनकी जीत सुनिश्चित है।