23 अक्टूबर 2020 - 16:36
ईरान ने जनरल क़ासिम सुलेमानी की हत्या में शामिल इराक़ में अमरीकी राजदूत को ब्लैक लिस्ट कर दिया

ईरान ने इराक़ में अमरीकी राजदूत मैथ्यू ट्यूलर और दो अन्य राजनयिकों को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने और मानवाधिकारों के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करने के कारण, ब्लैक लिस्ट कर दिया है।

शुक्रवार को जारी किए गए बयान में ईरानी विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि तेहरान ने ट्यूलर, बग़दाद स्थित अमरीकी दूतावास के उप प्रमुख स्टीव फ़ैगिन और कोंसल जनरल एर्बिल रॉब वालर को पर्याप्त सबूतों के आधार पर क्षेत्र में अमरीका की आतंकवादी और हिंसक गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है, जो 2017 में ईरानी संसद द्वारा पारित बिल के अनुरूप है।

Iraj Masjedi

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि इन तीन अमरीकी राजनयिकों ने, ईरानी सरकार और नागरिकों के हितों के ख़िलाफ़ आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया है या उसमें प्रभावी भूमिका निभाई है।

तेहरान का कहना है कि अमरीकी राजनयिकों ने दाइश और नुस्रा फ़्रंट जैसे आतंकवादी गुटों का समर्थन किया है और क्षेत्रीय देशों के ख़िलाफ़ आतंकवादी गुटों का इस्तेमाल किया है।

बयान के मुताबिक़, ब्लैक लिस्ट किए गए तीनों अमरीकी राजनयिकों ने आईआरजीसी की क़ुद्स फ़ोर्स के कमांडर जनरल क़ासिम सुलेमानी की हत्या में भूमिका निभाई थी, जिन्हें इस साल के शुरू में बग़दाद एयरपोर्ट के निकट अमरीकी ड्रोन हमले में शहीद कर दिया गया था।

ग़ौरतलब है कि एक दिन पहले ही अमरीका ने बग़दाद स्थित ईरानी राजदूत ईरज मस्जिदी को ब्लैक लिस्ट किया था।

ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि मस्जिदी को आईआरजीसी के लिए काम करने के कारण, प्रतिबंधित किया गया है। मस्जिदी जनरल सुलेमानी के क़रीबी सलाहकार थे और उन्होंने इराक़ में आईआरजीसी की नीतियों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।