18 अक्टूबर 2020 - 15:10
भारत की एक इंच ज़मीन पर भी कोई क़ब्ज़ा नहीं कर सकताः अमित शाह

भारत के गृहमंत्री ने कहा है कि सेना और राजनैतिक नेतृत्व देश की संप्रभुता और सीमा की रक्षा करने में सक्षम हैं और कोई भी भारत की एक इंच ज़मीन पर भी क़ब्ज़ा नहीं कर सकता।

मित शाह ने एक इंटरव्यू में लद्दाख़ में चीन के साथ जारी गतिरोध के बारे में कहा कि मोदी सरकार देश की एक-एक इंच ज़मीन को बचाने के लिए पूरी तरह सजग है और कोई भी इस पर क़ब्ज़ा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सरकार, लद्दाख़ में चीन के साथ गतिरोध को सुलझाने के लिए हरसंभव सैन्य और कूटनीतिक कदम उठा रही है। भारत के गृहमंत्री ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि राजग दो तिहाई बहुमत हासिल करेगा और नीतीश कुमार चुनाव के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने इसी तरह कहा कि अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बदलेगी और वहां भाजपा सत्ता में आएगी।

 

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक युवती के सामूहिक बलात्कार और उसकी मौत की घटना के बारे में अमित शाह ने विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि घटना वाले दिन ही सभी आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया था और सीबीआई जांच चल रही है। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त होने के एक वर्ष बाद के हालात के बारे में शाह ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में क़ानून व्यवस्था अब सामान्य है जबकि कोविड-19 के हालात को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण रही।