11 अक्टूबर 2020 - 13:35
क्या ईरान और उत्तर कोरिया लम्बी दूरी के मिसाइलों के विकास में एक दूसरे से सहयोग कर रहे हैं?

एक अमरीकी अधिकारी ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया और ईरान इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम) को विकसित करने की परियोजना में एक दूसरे के साथ सहयोग कर रहे हैं।

अमरीकी वेबसाइट नेशनल इंटरेस्ट ने एक अज्ञात अमरीकी अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि उत्तर कोरिया और ईरान के बीच, लम्बी दूरी के मिसाइलों की परियोजना में सहयोग से अमरीका और उसके घटक देश, मुश्किल में पड़ जायेंगे।

नेशनल इंटरेस्ट का दावा है कि अमरीकी अधिकारी ने मीडिया को बताया है कि ईरान और उत्तर कोरिया ने महत्वपूर्ण कल पुर्ज़ों के स्थानांतरण समेत, लंबी दूरी की मिसाइल परियोजना पर पिर से सहयोग शुरू कर दिया है।

हालांकि अमरीकी अधिकारी ने इस बात का कोई उल्लेख नहीं किया है कि यह सहयोग कब शुरू हुआ था और फिर कब बंद हो गया था, जिसे फिर से शुरू किया जा रहा है।

इससे पहले भी अमरीका और पश्चिमी देशों ने ईरान और उत्तर कोरिया के बीच मिसाइल तकनीक के स्थानांतरण के दावे किए थे। अब जबकि शनिवार को उत्तर कोरिया ने वर्कर्स पार्टी की 75वीं सालगिरह के मौक़े पर आयोजित एक सैन्य परेड में नई इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम) का प्रदर्शन किया है, तो वाशिंगटन में ईरान और उत्तर कोरिया के बीच सहयोग को लेकर एक बार फिर खिचड़ी पकने लगी है।

हालांकि ईरान कम और मध्यम दूरी की गाइडेड बैलिस्टिक मिसाइलें विकसित कर चुका है और वह लम्बी दूरी की मिसाइलों पर काम कर रहा है।

अमरीका की प्रमुख चिंता यह है कि ईरान-उत्तर कोरिया के बीच प्रौद्योगिकी का आदान-प्रदान और हथियारों के विकास में सहयोग, जहां आधुनिक हथियारों के निर्माण को गति प्रदान कर सकता है, वहीं अमरीकी सैन्य गठबंधन की शक्ति का संतुलन बिगाड़ सकता है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उत्तर कोरिया, जहां लम्बी दूरी के मिसाइल विकसित करने और परमाणु तकनीक में ईरान की मदद कर रहा है, वहीं ईरान, ड्रोन विमानों की तकनीक उत्तर कोरिया को स्थानांतरण कर रहा है।

ईरान के मामलों में अमरीका के विशेष प्रतिनिधि एलियट अब्राम्स का कहना है कि वाशिंगटन, ईरान और उत्तर कोरिया के बीच सहयोग से चिंतित है और इसे रोकने के लिए जो बन पड़ेगा वह करेगा।

ग़ौरतलब है कि अमरीका ने ईरान और उत्तर कोरिया पर इतिहास के सबसे कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं, उसके बावजूद उसकी कोशिश है कि यह देश एक दूसरे के साथ सहयोग न कर सकें।

अमरीका की इसी चौधराहट को ईरान और उत्तर कोरिया ने चुनौती दी है, जिसकी वजह से वह इन देशों में सत्ता परिवर्तन के लिए उन्हें कमज़ोर करने के लिए अपना पूरा ज़ोर लगा रहा है। लेकिन अभी तक वह अपनी हर चाल में नाकाम रहा है। वैसे भी यह बात अब किसी के लिए ढकी छिपी नहीं है कि ईरान और उत्तर कोरिया इतने शक्तिशाली हो चुके हैं कि अमरीका उनसे सीधे टकराने का जोखिम मोल नहीं लेगा और वह अपनी प्रतिबंधों की घिसी-पिटी पॉलिसी पर ही निर्भर ही रहेगा, जिसका कोई नतीजा निकलने वाला नहीं है।