बहस के दौरान अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से जब बहस का संचालन करने वाले फ़ॉक्स न्यूज़ के एंकर क्रिस वालेस ने पूछा कि अमरीकी जनता उनके टैक्स भरने के दस्तावेज़ कब देख सकेगी, तो ट्रम्प ने जवाब दियाः आप देख लेंगे। इस पर तुरंत बाइडन ने कहा, कब? इंशाल्लाह
इंशाल्लाह अरबी भाषा का शब्द है, जिसका मतलब होता है, अगर ख़ुदा ने चाहा। हालांकि यहां इसके इस्तेमाल से बाइडन का तात्पर्य यह था कि जो ट्रम्प कह रहे हैं, वह कभी नहीं होने जा रहा है।
इसलिए कि ट्रम्प ने कभी भी अपने टैक्स रिटर्न को सार्वजनिक नहीं किया है, जो पिछले रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों की रिवायत के विपरीत है।
सोशल मीडिया पर बाइडन के इंशाल्लाह कहने पर ख़ूब चर्चा हो रही है। हालांकि यह पहली बार नहीं है कि जब बाइडन ने इंशाल्लाह का इस्तेमाल किया हो। फ़रवरी में हैम्पशायर में आयोजित एक रैली में अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स के एक प्रस्ताव के व्यवहारिक होने पर संदेह जताने के लिए इंशाल्लाह कहा था।