कुवैत के सांसद "अब्दुल्लाह अहमद अलकंदरी" ने शुक्रवार को कहा है कि इस्राईल के साथ संबन्ध सामान्य बनाना, फ़िलिस्तीनियों और उनकी आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि कुवैत कभी भी उस गाड़ी पर सवार नहीं होगा जो ज़ायोनी शासन के साथ संबन्ध सामान्य करने के मार्ग पर चल पड़ी है। इससे पहले कुवैत की सरकार की ओर से एलान किया जा चुका है कि कुवैत अभी भी फ़िलिस्तीनी समस्या को इस्लामी जगत की सबसे महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत समस्या के रूप में देखती है। इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावा किया था कि इस बात की प्रबल संभावना पाई जाती है कि कुवैत शीघ्र ही इस्राईल से अपने कूटनीतिक संबन्ध सामान्य कर लेगा। ट्रम्प इसी के साथ यह भी दावा कर चुके हैं कि कुछ अरब देश जल्द ही ज़ायोनी शासन के साथ अपने संबन्ध सामान्य करने जा रहे हैं।
ज्ञात रहे कि बहरैन और संयुक्त अरब इमारात ने 15 सितंबर को इस्राईल के साथ अपने संबन्ध सामान्य करते हुए वाइट हाउस में ट्रम्प की उपस्थिति में मसझौते पर हस्ताक्षर किये थे।हालांकि इस काम की व्यापक स्तर पर आलोचना की जा रही है।