25 अगस्त 2020 - 12:04
अक्तूबर में हथियारों के प्रतिबंध की समाप्ति के बाद, ईरान और रूस के बीच सैन्य सहयोग का नया अध्याय शुरू होगा, तेहरान

ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि ईरान पर लगे हथियारों के प्रतिबंध की समाप्ति के बाद, तेहरान और मास्को के बीच सैन्य सहयोग का नया अध्याय शुरू होगा।

ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल अमीर हातेमी ने रूस के एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि 17 अक्तूबर को ईरान के ऊपर से संयुक्त राष्ट्र के हथियारों के प्रतिबंध की अवधि समाप्त हो जाएगी, जिसके बाद तेहरान और रूस के बीच नए समझौते होंगो और सहयोग में अधिक वृद्धि होगी।

जनरल हातेमी का कहना था कि प्रतिबंधों के दौरान, ईरान ने अपनी ज़रूरत के हथियारों का उत्पादन किया है और उसने इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और तेहरान और मास्को को एक दूसरे के अनुभवों से लाभ उठाना चाहिए।

ईरान के रक्षा मंत्री का कहना था कि ईरान, इराक़ और सीरिया की तरह अपने एक बड़े भाग पर क़ब्ज़ा होते हुए नहीं देख सकता। आतंकवादियों के इन हमलों ने ईरान, इराक़ और सीरिया यहां तक कि रूस के लिए भी ख़तरा उत्पन्न किया है।

ग़ौरतलब है कि अमरीका और इस्राईल अक्तूबर में ईरान के ऊपर से हथियारों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के हट जाने का कड़ा विरोध कर रहे हैं। अमरीका ने इन प्रतिबंधों को आगे बढ़ाने के लिए पूरा ज़ोर लगा दिया है, लेकिन उसे हर क़दम पर मुंह की खानी पड़ी है।

अमरीका और इस्राईल को सबसे बड़ी चिंता यह सता रही है कि अक्तूबर में ईरान के ऊपर से जैसे ही संयुक्त राष्ट्र के हथियारों का प्रतिबंध समाप्त होगा, वह रूस और चीन से हथियारों के लेन-देन के महत्वपूर्ण समझौते कर सकता है।