24 अगस्त 2020 - 13:33

मध्य प्रदेश के शहर जबलपुर स्थित सुभाष चन्द्र बोस अस्पताल के एक डॉक्टर की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं, जिसने अपनी जान पर खेलकर ख़ुदकुशी के इरादे से इमारत से कूदने जा रहे कोविड-19 के एक मरीज़ की जान बचा ली।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल के कोविड-19 वार्ड की चौथी मंज़िल पर एक मरीज़ खिड़की से निकलकर छज्जे पर बैठ गया।

यह देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया और लोग उसे रोकने के लिए चीख़ने और चिल्लाने लगे। कुछ लोगों फ़ौरन ही पुलिस को भी इस घटना की ख़बर दी।

सूत्रों का कहना है कि कोरोना वायरस से संक्रमति मरीज़ की स्थिति चिंताजनक है, जिससे निराश होकर उसने इमारत से कूदकर अपनी जान लेने का फ़ैसला किया।

इस दौरान कोविड-19 वार्ड में तैनात एक डॉक्टर ने बड़ी हिम्मत से काम लिया और मरीज़ से बात करके उसका इरादा बदलने की कोशिश की।

पुलिस अधिकारियों और डॉक्टर से बातचीत के बाद, मरीज़ ने ख़ुदकुशी का अपना इरादा बदल दिया और इस दौरान, डॉक्टर ने ख़ुद ही छज्जे पर पहुंचकर उसकी जान बचाई।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी राकेश तिवारी का कहना है कि रविवार की सुबह 8 बजे के क़रीब एक मरीज़ खिड़की पर जाकर बैठ गया था, डॉक्टर और अधिकारी उसे समझाने में सफल रहे, जिसके बाद उसने ख़ुदकुशी का अपना इरादा बदल दिया।