21 अगस्त 2020 - 13:47
कोरोना काल में भी होंगे चुनाव, बिहार चुनाव से पहले गाइड लाइन जारी

भारत के चुनाव आयोग ने कोरोना काल में चुनाव के लिए अपनी गाइडलाइन जारी की है।

यह गाइडलाइन बिहार विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जारी किया गया है।  अगले कुछ महीनों में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान इन गाइडलाइन्स का पालन सुनिश्चित करना होगा।

चुनाव आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए ऑनलाइन नामांकन भरने होंगे और इसके साथ कई नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।

चुनाव प्रचार के दौरान डोर-टू-डोर कैंपन में अधिकतम पांच लोगों की इजाज़त होगी। रोड शो के दौरान एक काफिले में 10 की जगह पांच गाड़ियों की टुकड़ियां बनानी होगी। वाहनों के कारवा के दो सेटों के बीच 100 मीटर के अंतराल की जगह आधा घंटे का अंतर होना चाहिए।

गृह मंत्रालय की तरफ से जारी कोविड-19 गाइडलाइन्स का पालन सुनिश्चित करते हुए रैली और सार्वजनिक सभाओं की इजाजत दी गई है। जिला चुनाव अधिकारी को सार्वजनिक सभाओं के लिए मैदान की एडवांस में प्रवेश और निकासी मार्ग के साथ पहचान करनी होगा। इन सभी मैदानों में जिला चुनाव अधिकारी की तरफ यहां शामिल होने आने वाले लोगों के लिए एडवांस में सोशल डिस्टेंसिंग मार्क करना होगा।

नोडल हेल्थ ऑफिसर को भी इसमें शामिल करना होगा ताकि यह सुनिश्चित हो पाए कि सभी जिलों में कोविड-19 से संबंधित गाइडलाइन्स का पालन किया जा रहा है।

गाइडलाइन्स में कहा गया है कि फ़ेस मास्क, सैनिटाइज़र, थर्मल स्कैनर, ग्लव्स, फेशियल पीपी किट्स का इस्तेमाल चुनाव प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी पालन किया जाएगा।