16 अगस्त 2020 - 13:35
हम लेबनान को हथियार देने पर तैयार! हथियारों पर प्रतिबंध में अमरीका की नाकामी के बाद ईरान का बड़ा धमाका

ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि ईरान हथियारों के उत्पादन में अच्छी पोज़ीशन रखता है इस लिए हम लेबनान की हथियारों की ज़रूरत पूरी करने पर तैयार हैं।

ब्रिगेडियर जनरल अमीर हातमी ने रविवार को लेबनान की जनता की सहायता और इस देश की तकनीकी मदद के विषय के साथ आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि लेबनान की जनता, ईरान की दोस्त है और इस्लामी गणतंत्र ईरान ने प्रतिरोध के काल में उनकी मदद की है, तेहरान आज भी लेबनान की हथियारों की ज़रूरत पूरी करने पर तैयार है लेकिन फैसला लेबनानियों के हाथ में है। 

ईरान के रक्षा मंत्री ने इसी तरह यूएई और इस्राईल के मध्य होने वाले समझौते का उल्लेख करते हुए कहा यह समझौता, फिलिस्तीनी जनता और पश्चिमी एशिया की जनता के साथ गद्दारी है। 

ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर कोई इस्राईल को हमारे इलाक़े में घुसपैठ करने की अनुमति देगा ताकि वह अशांति पैदा करे तो उसकी ज़िम्मेदारी उन पर होगी जो इस अशांति का कारण बने हैं और उसकी ज्वाला से वह लोग भी बच नहीं पाएंंगे। 

रक्षा मंत्री अमीर हातमी ने इलाक़े से अमरीका के निकलने के बारे में भी कहा कि यह इलाक़े की जनता की इच्छा है और इस इलाक़े के अमरीका को खदेड़ने के लिए प्रभावशाली क़दम उठाए हैं और सुरक्षा परिषद में हालिया हार भी स्वंय को महाशक्ति समझने वाले अमरीका की हड्डियों के चटखने की आवाज थी। 

याद रहे ईरान के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र संघ के हथियारों के प्रतिबंध की अवधि बढ़ाने के लिए सुरक्षा परिषद में अमरीका के प्रस्ताव पर 11 सदस्य देशों ने मतदान नहीं किया, अमरीका व डोमिनिकिन गणतंत्र ने समर्थन में और रूस व चीन ने प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया जिसकी वजह से गत 75 वर्षों में पहली बार अमरीका को सुरक्षा परिषद में इस प्रकार से मुंह की खानी पड़ी।