15 अगस्त 2020 - 13:03
इस्राईल के साथ समझौता करने के लिए यूएई को सज़ा देगा तुर्की, अर्दोगान

तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान ने इस्राईल के साथ तथाकथित शांति समझौता करने के लिए यूएई से कूटनीतिक संबंध तोड़ लेने की चेतावनी दी है।

शुक्रवार को राष्ट्रपति अर्दोगान ने पत्रकारों से बात करते हुए कहाः तुर्की अबू-धाबी में अपना दूतावास बंद करने और यूएई के साथ अपने कूटनीतिक संबंध तोड़ लेने पर विचार कर रहा है।

इससे पहले तुर्की के विदेश मंत्रालय ने यूएई-इस्राईल समझौते को फ़िलिस्तीनियों की पीठ में छुरा घोंपना बताया था और कहा था कि इतिहास यूएई के इस पाखंडी व्यवहार को कभी माफ़ नहीं करेगा।

तुर्क विदेश मंत्रालय ने अबू-धाबी के शासकों की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा था कि इस क्षेत्र के लोग यूएई के इस ढोंगी व्यवहार को कभी नहीं भूल पाएंगे, जिसने अपने तुच्छ हितों के लिए फ़िलिस्तीनी राष्ट्र और मस्जिदुल अक़सा की बलि चढ़ा दी है।

तुर्की के राष्ट्रपति का कहना थाः मैंने विदेश मंत्रालय को ज़रूरी दिशा-निर्देश दे दिए हैं। हम अपने कूटनीतिक रिश्ते तोड़ सकते हैं या अपने राजदूत को वापस बुला सकते हैं, इसलिए कि हम फ़िलिस्तीनी जनता के साथ खड़े हैं।

अर्दोगान ने सऊदी अरब की क्षेत्रीय नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि रियाज़ ग़लत दिशा में क़दम बढ़ा रहा है।

तुर्की के इस्राईल के साथ कूटनीतिक और आर्थिक संबंध हैं, लेकिन पिछले कई वर्षों से दोनों के संबंध ख़राब चल रहे हैं।