14 अगस्त 2020 - 16:47
इस्राईल और सऊदी अरब की परमाणु गतिविधियों पर आईएईए की ख़ामोशी से ईरान नाख़ुश

इस्राईल और सऊदी अरब की परमाणु गतिविधियों पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए ईरान ने इस मुद्दे पर आईएईए की ख़ामोशी का विरोध किया है।

संयुक्त राष्ट्रसंघ में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि ने इस संबन्ध में विरोध दर्ज कराया है।  इस्माईल बक़ाई ने शुक्रवार को जनेवा में निशस्त्रीकरण की बैठक में ईरान का पक्ष रखा।  उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एकमात्र परमाणु शस्त्र संपन्न के रूप में इस्राईल, अपने परमाणु शस्त्रागार को बढ़ाते हुए लगातार अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहा है।  ईरान के प्रतिनिधि ने कहा कि इसी बीच सऊदी अरब के परमाणु कार्यक्रम के जटिल होने से क्षेत्र की स्थिति चिंताजनक हो रही है।  इस्माईल बक़ाई का कहना था कि एनपीटी का सदस्य होने के बावजूद सऊदी अरब ने इस संबन्ध में अपने वचनों का पालन नहीं किया है जिसके कारण उसके बारे में चिंता बढ़ती जा रही है।

ईरान के प्रतिनिधि ने जनेवा में सऊदी अधिकारियों से मांग की है कि वे एनपीटी के बारे में अपने वचनों पर अमल करते हुए एनपीटी के निरीक्षक दल के साथ पूरी तरह से सहयोग करें।उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी आईएईए के दोमुखे व्यवहार ने उसकी प्रतिष्ठा को नुक़सान पहुंचाया है इसलिए उसको इस मामले में बहुत पारदर्शी होना चाहिए।