13 अगस्त 2020 - 13:58
ब्लड प्रेशर डाउन होने के बावजूद बश्शार असद का एक घंटे का अहम भाषण, सीरिया इस तरह करेगा आंतरिक व बाहरी चुनौतियों का मुक़ाबला!

सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने अपने देश के नवनिर्वाचित सांसदों को संबोधित किया और अपने भाषण में सीरिया के ख़िलाफ़ साज़िश करने वालों के ख़िलाफ़ ठोस नीति अपनाते हुए यह दिखा दिया कि वे सीरिया के आंतरिक मामलों से पूरी तरह अवगत हैं।

अधिक काम के कारण बश्शार असद का रक्तचाप नीचे आ गया था लेकिन यह सीरियाई राष्ट्र का मनोबल ऊंचा रखने और उसके संकल्प को अधिक मज़बूत बनाने के लिए उनके संदेश के आड़े नहीं आया। उन्होंने लगभग एक घंटे तक पहले जैसी ही ऊर्जा और जोश के साथ भाषण दिया और विभिन्न रूपों में युद्ध जारी रहने समेत वर्तमान चुनौतियों के बारे में बात की। बश्शार असद ने कहा कि सीरिया के ख़िलाफ़ नए तरीक़े से युद्ध हो रहा है और वह सीज़र क़ानून और आर्थिक आतंकवाद है लेकिन सीरियाई राष्ट्र अपनी राष्ट्रीय उमंगों पर अडिग रह कर और फ़िलिस्तीन मामले में अपनी कटिबद्धताओं का पालन करके उसका मुक़ाबला करेगा।

 

संक्षेप में कहा जा सकता है कि सीरिया के राष्ट्रपति ने इस भाषण में आंतरिक व विदेशी चुनौतियों का मुक़ाबला करने की शैली को रेखांकित किया है। उन्होंने बताया कि किसी तरह सीरिया की जनता ने सेना के कंधे से कंधा मिला कर जीत हासिल की और किस तरह अमरीका की साज़िशों को नाकाम बना दिया। बश्शार असद के भाषण में बहुत सारे पहलुओं को पेश किया गया जिनमें सबसे अहम नए चरण में संसद का क्रियाकलाप है। उन्होंने संविधान के उन अहम व अनिवार्य बिंदुओं के बारे में बात की जिन्हें लागू न किए जाने की कई विदेशी शक्तियां आशा लगाए बैठी हैं। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि युद्ध थोप कर सीरिया को प्रगति से नहीं रोका जा सकता, कहा कि संसद सरकार व जनता के बीच सबसे अहम संपर्क पुल है।

 

बश्शार असद ने अपने भाषण में इसी तरह नए चरण में देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों से निपटने के संबंध में अपनी रणनैतिक योजनाओं और इसी तरह अपनी सरकार के कार्यक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है लेकिन इस समस्या के समाधान की कई राहें हैं और सभी को चाहे वह सरकार हो या संसद, इस समस्या से निपटने के लिए अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करनी चाहिए और निर्धारित कार्यक्रम के तहत काम करना चाहिए। असद ने अमरीका के सीज़र क़ानून की जितनी सटीकता से समीक्षा की उसने सभी का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह क़ानून, युद्ध के पिछले परिणामों से अलग नहीं है और सीरिया का आर्थिक घेराव भी कोई नहीं बात नहीं है।

 

बश्शार असद ने अमरीका और उसके क्षेत्र पिछलग्गुओं की कार्यवाहियों का विस्तार से उल्लेख किया और कहा कि इनका काम डकैती के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि सीरिया के ख़िलाफ़ सीज़र क़ानून का क्रियान्वयन, इस देश के ख़िलाफ़ निरंतर युद्ध के परिप्रेक्ष्य में ही किया जा रहा है और इसे न तो महत्वहीन समझ कर और न ही बढ़ा चढ़ा कर पेश करके बल्कि इसके परिणामों के बारे में सही ढंग से जानकारी हासिल करके इसका मुक़ाबला करना संभव है।

 

सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद के भाषण से ऐसा लगता है कि सीरिया, वैश्विक युद्ध का एक भाग है और सीरिया की रक्षा, एक अनैतिक युद्ध में विश्व मानचित्र को बदलने के समान है। उन्होंने अपने भाषण में वार्ता के विषयों के बारे में सीरिया की नीति और इसी तरह राजनैतिक स्थिति के संबंध में रोडमैप की तैयारी के बारे में पूछे गए सवालों का भी जवाब दिया। बश्शार असद ने यह बात भी बल देकर कही कि सीरिया कभी भी फ़िलिस्तीन समस्या को नहीं भूलेगा।