10 अगस्त 2020 - 19:10
पायलट ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से की मुलाक़ात, क्या अब राजस्थान कांग्रेस में उठापठक थम जाएगी?

राजस्थान विधानसभा के प्रस्तावित सत्र से कुछ दिन पहले, राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाक़ात की है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल एवं प्रियंका से मुलाक़ात के दौरान, पायलट ने विस्तार से अपना पक्ष रखा और फिर पार्टी के दोनों नेताओं ने उनकी चिंताओं के निदान का भरोसा दिलाया।

पायलट से मुलाक़ात से पहले राहुल गांधी और प्रियंका ने क़रीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। जिसके बाद दोनों ने पायलट से मुलाक़ात की।

यह मुलाक़ात विधानसभा सत्र आरंभ होने से कुछ दिन पहले हुई है, जिसके बाद यह उम्मीद लगाई जा रही है कि राजस्थान में कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ हफ्तों से चली आ रही उठापठक थम जाएगी।

14 अगस्त से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बहुमत साबित करने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत के खिलाफ खुलकर बग़ावत करने और विधायक दल की बैठकों में शामिल नहीं होने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने पायलट को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री के पदों से हटा दिया था। हालांकि इसके बावजूद पायलट कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि वह बीजेपी में शामिल नहीं होंगे।