ट्रम्प ने सोमवार को वाशिंगटन में प्रेस वार्ता में संवाददाताओं से कहा कि मुझे लगता है कि हम बहुत अच्छा कर रहे हैं, मेरे विचार में हमने किसी भी राष्ट्र जितना अच्छा किया है, अगर आप सचमुच देखें कि क्या कुछ चल रहा है, ख़ासकर इन नये मामलों के सामने आने और उन देशों के संबंध में, जिनके बारे में बात की जा रही थी कि उन्होंने इसे नियंत्रित कर लिया है। उन्होंने कहा कि बड़े देशों की तुलना में, अमरीका कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में बहुत अच्छा कर रहा है।
अमरीकी राष्ट्रपति ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह न भूलें कि हम भारत और चीन के अलावा कई देशों से बहुत बड़े हैं, चीन में बड़े पैमाने पर संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, भारत में जबरदस्त समस्या है, अन्य देशों में समस्याएं हैं। ट्रम्प ने कहा कि मैंने यह सब शाम की ख़बरों में गौर किया है, किसी भी ख़बर में, मैं दूसरे देशों के बारे में नहीं पढ़ता हूं, आप देख रहे हैं कि दूसरे देशों में कितने बड़े पैमाने पर मामले बढ़ रहे हैं, उन देशों में, जिन्होंने सोचा था कि वहां यह ख़त्म हो गया होगा जैसा कि हमने सोचा था कि फ्लोरिडा में हम इससे उबर चुके हैं और अचानक से वह फिर लौट आया, संक्रमण ज़रूर लौटा है।
ट्रम्प ने कहा कि अमरीका ने अब तक छह करोड़ से ज़्यादा लोगों का कोरोना संक्रमण का टेस्ट किया है। अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि कोई भी अन्य देश इसके क़रीब भी नहीं है, हमने छह करोड़ लोगों की जांच की है, कई मामलों में यानी लगभग 50 प्रतिशत मामलों में त्वरित जांच की है, यानी पांच से 15-20 मिनट में होने वाली जांच, जहां आपको तुरंत परिणाम मिल जाते हैं, किसी के पास ऐसी जांच किट नहीं है और मेरे विचार में हम बहुत बेहतर कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि अमरीका महत्वपूर्ण प्रगति के सबूत देखने लगा है। देश भर में संक्रमित मामलों की संख्या में पहले सप्ताह से लगभग छह प्रतिशत की गिरावट आई है और इसी दौरान संक्रमण की जांच दर भी 8.7 प्रतिशत से घटकर 8 प्रतिशत हो गई है।