रिपोर्ट में बताया गया है कि एक और सहायक पुजारी प्रेम कुमार तिवारी भी कोरोना पॉज़िटिव मिला है। इसके पहले सहायक पुजारी प्रदीप दास भी कोरोना से संक्रमित पाए गये थे।
इतने ज़्यादा केस सामने आने के बाद मुख्य पुजारी आचार्य सतेंद्र दास का भी कोरोना टेस्ट कराया गया है हालांकि उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है इसके बाद भी उन्हें अभी पूजा से दूर रखा गया है।
राम मंदिर में प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के साथ-साथ चार पुजारी सेवा करते हैं। इन्हीं चार पुजारियों में से दो को कोरोना हो चुका है। पहले प्रदीप दास और अब प्रेम कुमार तिवारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। प्रदीप दास को होम क्वारनटीन कर दिया गया था। इसके अलावा पहले मंदिर की सुरक्षा में तैनात 20 पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिन्हें क्वारनटीन किया गया है।
ज्ञात रहे कि 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लाल कृष्ण आडवाणी, संघ प्रमुख मोहन भागवन जैसी प्रमुख हस्तियां, राम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास करने अयोध्या जा रहे हैं।