राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार को कोरोना निरोधी समिति की बैठक में कहा कि ईरानी जनता, प्रतिबंधों, कोरोना और हर प्रकार की बड़ी से बड़ी समस्या को परस्पर सहयोग से आसान बना देती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रतिबंधों और कोरोना के बावजूद राष्ट्रीय परियोजनाओं पर काम यह दर्शाता है कि देश विकास की ओर अग्रसर है और भविष्य के प्रति आशा और सही कार्यक्रम, समस्याओं को पार करने और बेहतर भविष्य के लिए ज़रूरी तत्व हैं।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने इसी प्रकार मुहर्रम में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शोक सभाओं के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरे वैभव और स्वास्थ्य सिद्धान्तों के पालन के साथ ईरान में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के लिए शोक सभाओं का आयोजन होगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ईरान अन्य देशों और उन शिया मुसलमानों के लिए आदर्श बन सकता है जो इमाम हुसैन की शोक सभाओं का आयोजन करना चाहते हैं।
ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरानी जनता का जीवन इमाम हुसैन के प्रेम और आशूर व इमाम हुसैन की शोक सभाओं से गुंथा हुआ है कहा कि आज ईरानी जनता जो अमरीका की गुंडागर्दी के सामने डटी हुई है वह आशूरा की संस्कृति से मिलने वाले पाठ की वजह से है और आशूर की संस्कृति ने ईरानी जनता को इतना मज़बूत बनाया।