24 जुलाई 2020 - 14:55
ईरानी यात्री विमान को ख़तरे में डालकर अमरीका ने आतंकवादी कार्यवाही की है, तेहरान ने दी कड़ी चेतावनी

तेहरान से बेरूत जाने वाली ईरानी एयरलाइंस माहान एयर की फ़्लाइट को दो अमरीकी लड़ाकू विमानों द्वारा ख़तरे में डालने की घटना को तेहरान ने आतंकवादी कार्यवाही बताया है।

ईरान के शहरी विकास व परिवहन मंत्री मोहम्मद इस्लामी ने कहा है कि अमरीका का यह क़दम एक आतंकवादी कार्यवाही है, जिसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध होना चाहिए।

इस्लामी का कहना था कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय विमानन संगठन से अमरीका के इस ख़तरनाक व ग़ैर क़ानूनी क़दम की शिकायत की है।

गुरुवार की रात को सीरियाई वायु सीमा में घटने वाली इस घटना में विमान में सवार कई यात्री घायल हो गए थे।

संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के प्रतिनिधि मजीद तख़्तरवान्ची ने राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को टेलीफ़ोन करके चेतावनी दी है कि अगर वापसी में ईरानी विमान के साथ कोई घटना घटती है तो उसकी पूरी ज़िम्मेदारी अमरीका पर होगी।

ईरान, अमरीका की इस ग़ैर क़ानूनी हरकत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शिकायत करने जा रहा है।

इस बीच, पश्चिम एशिया में अमरीकी सेना (सेंटकॉम) ने एक बयान जारी करके कहा है कि उसके एक लड़ाकू विमान एफ़-15 ने अंतरराष्ट्रीय मानकों को पालन करते हुए एक किलोमीटर की दूरी से ईरान के यात्री विमान को एस्कोर्ट किया था।

सेंट्रल कमांड का दावा है कि यह पेशेवराना निगरानी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार अंजाम दी गई है और जैसे एफ़-15 के पायलट ने विमान की माहान एयर की फ़्लाइट के रूप में पहचान की, एफ़-15 ने फ़्लाइट से सुरक्षित दूरी बना ली।

ग़ौरतलब है कि अमरीका के नेतृत्व में तथाकथित अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन ग़ैर क़ानूनी रूप से 2014 से सीरिया में सैन्य कार्यवाहियां अंजाम दे रहा है।