23 जुलाई 2020 - 13:57
ईरान में आग लगने की हालिया घटनाओं का साइबर हमलों से कोई संबंध नहींः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरान में विध्वंसक कार्यवाहियों और साइबर हमलों के दावों के जवाब में कहा है कि आग लगने की हालिया घटनाओं का साइबर हमलों से कोई संबंध नहीं है।

सैयद अब्बास मूसवी ने पत्रकारों से बात करते हुए कुछ सरकारों की ओर से ईरान में विध्वंसक कार्यवाहियों और साइबर हमलों के दावों के बारे में कहा कि ईरान के अहम केंद्रों पर हर दिन हज़ारों साइबर हमले होते हैं और यह कोई नई चीज़ नहीं है लेकिन लगभग सभी साइबर हमले नाकाम बना दिए जाते हैं। मूसवी ने कहा कि साइबर हमलों या अमरीका के राष्ट्रपति की ओर से ईरान पर साइबर हमले के आदेश का आग लगने की घटनाओं से कोई संबंध नहीं है लेकिन इसके बाद ईरान पर होने वाले हर साइबर हमले का मुख्य शक अमरीका पर होगा।

 

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि तेहरान, अमरीका के राष्ट्रपति के आपराधिक व ग़ैर क़ानूनी आदेश के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यवाही करेगा, कहा कि ट्रम्प के इस काम का जवाब देने का ईरान का अधिकार सुरक्षित है और सही समय और सही जगह पर इसका जवाब ज़रूर देगा। सैयद अब्बास मूसवी ने कहा कि अमरीकी सरकार की ओर से अंतर्राष्ट्रीय नियमों का निरंतर उल्लंघन एक चिंताजनक समस्या है और विश्व समुदाय को इसका उचित जवाब देना चाहिए।