यूरोपीय संघ के विदेशी मामलों के प्रभारी जोज़फ़ बोरेल ने जर्मनी की एक पत्रिका को इंटरव्यू देते हुए कहा है कि अगर इस्राईल ने अवैध अधिकृत क्षेत्रों में पश्चिमी तट के कुछ इलाक़ों को शामिल करने की योजना को व्यवहारिक बनाने की कोशिश की तो फिर उसके साथ संबंधों को विस्तृत नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि यूरोपीय संघ ने पश्चिमी तट के इलाक़ों को अवैध अधिकृत क्षेत्रों से जोड़ने की हर तरह की कोशिश का विरोध करने का फ़ैसला किया है, कहा कि अगर इस्राईल इस योजना पर अमल का इरादा नहीं छोड़ता और इसी तरह फ़िलिस्तीनियों को धमकाना बंद नहीं करता तो फिर उसके साथ संबंधों का विस्तार संभव नहीं है।
यूरोपीय संघ के विदेशी मामलों के प्रभारी जोज़फ़ बोरेल ने कहा कि इस संघ ने इस्राईल को इस परियोजना को लागू करने के नकारात्मक परिणामों से अवगत करा दिया है। ज्ञात रहे कि ज़ायोनी शासन पहली जुलाई को अमरीकी सरकार के समर्थन से पश्चिमी तट के 30 प्रतिशत इलाक़ों को अपने अधीन क्षेत्रों में शामिल करने का इरादा रखता था लेकिन विश्व समुदाय, संयुक्त राष्ट्र संघ और संसार के अधिकतर देशों के कड़े विरोध के बाद वह इस योजना को टालने पर मजबूर हो गया।