सोमवार को सीरिया के सरकारी टीवी चैनल ने इस्राईली मिसाइलों को हवा में ही मार गिराए जाने की लाइव वीडियो फ़ुटेज प्रसारित की।
सीरियाई सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि सीरियाई मिसाइल रक्षा प्रणाली ने दमिश्क़ के उपनगरों को निशाना बनाकर फ़ायर किए गए अधिकांश इस्राईली मिसाइलों को लक्ष्य पर पहुंचने से पहले ही मार गिराया।
सूत्रों का कहना है कि इसाईली मिसाइलों का लक्ष्य किसवा के निकट जबल अल-माने क्षेत्र में स्थित हथियारों का डिपो था, जो कथित रूप से प्रतिरोधी संगठनों से संबंधित है।
सीरियाई मिसाइलों के इस्राईली मिसाइलों से टकराने से होने वाले धमाकों की आवाज़ दूर दूर तक सुनी गई, जिससे इस इलाक़े के आसपास की इमारतों की खिड़कियां हिल गईं।
इस्राईल पिछले कुछ वर्षों से लगातार सीरिया पर हवाई हमले कर रहा है, ताकि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में दमिश्क़ की प्रगति को प्रभावित कर सके।
सीरिया ने इस्राईल के हवाई हमलों का मुक़ाबला करने के लिए अपनी वायु रक्षा शक्ति को मज़बूत बनाने का इरादा किया है। इसी उद्देश्य के तहत हाल ही में उसने तेहरान के साथ एक नया रक्षा समझौता किया है।
इस समझौते के तहत ईरान, अपनी वायु रक्षा प्रणाली सीरिया में तैनात करने जा रहा है, जिसके बाद ऐसी उम्मीद है कि इस्राईल, सीरिया में मनमाने ढंग से हवाई हमले नहीं कर सकेगा।