14 जुलाई 2020 - 17:36
संरा के विशेष रिपोर्टर ने ट्रम्प की क्लास ले ली, मीडिया पर नकेल कसने का मामला गहराया, जमाल ख़ाशुक़्जी की हत्या पर ख़ामोशी, क्या राज़ है?

संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष रिपोर्टर ने मीडिया पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की ओर से किए जाने वाले हमलों की ओर संकेत करते हुए कहा कि उनके इन हमलों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहे हैं।

रायटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष रिपोर्टर डेविड केई ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि यह बात पूर्ण रूप से स्पष्ट है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने पिछले चार वर्षों से ऐसा रवैया अपना रखा है जिससे मीडिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

उन्होंने आशा व्यक्त की है कि वाइट हाऊस से डोनल्ड ट्रम्प के चले जाने के बाद अमरीकी मीडिया, पत्रकारों और संवाददाताओं पर किए जाने वाले हमलों का क्रम कम हो जाएगा।

डेविड केई ने मीडिया और पत्रकारों और इसी प्रकार संवाददाताओं पर हमलों और उन पर झूठ बोलने के आरोपों को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की प्रवृत्ति क़रार दिया।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष रिपोर्टर ने कहा कि सऊदी सरकार के विरोधी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़्जी की हत्या जैसे अपराधों पर अमरीका की पूर्व सरकारें, वर्तमान ट्रम्प प्रशासन के मुक़ाबले में कहीं अधिक प्रतिक्रिया व्यक्त करती थीं।

ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति, प्रेस कांफ़्रेंसों के आयोजन पर बल और अपने समर्थक मीडिया के साथ इन्टरव्यू में अधिकतर मीडिया और पत्रकारों को निशाना बनाते रहे हैं।