8 जुलाई 2020 - 13:13
आगामी राष्ट्रपति चुनाव में अमरीकी नागरिकों के पास दो शैतानों में से एक के चयन का विकल्प होगा, शरॉयडन

स्कॉटलैंड के राजनेता व पूर्व सांसद टॉमी शरॉयडन का कहना है कि अमरीका में नवम्बर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अमरीकी नागरिकों के पास दो शैतानों में से एक के चयन का विकल्प होगा, बाइडन या ट्रम्प।

मेहर न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, शरॉडन से जब अमरीका में काले नागरिकों के साथ होने वाले भेदभाव और नस्लभेद के ख़िलाफ़ जारी प्रदर्शनों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहाः अमरीकी पुलिस के हाथों जॉर्ज फ़्लॉयड का क़त्ल, अमरीका में नस्लभेद की पहली या आख़िरी घटना नहीं है। लेकिन अमरीकी नागरिकों में नस्लभेद के ख़िलाफ़ जो रोष है, उससे लगता है कि अमरीकी व्यवस्था में पाए जाने वाले नस्लभेद को उखाड़ फेंकने का वक़्त आ गया है।

अमरीका के आगामी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के बारे में स्कॉटलैंड के राजनेता का कहना थाः इसमें कोई शक नहीं है कि ट्रम्प एक मूर्ख व्यक्ति हैं, जितना नुक़सान उन्होंने विश्व व्यस्था और अमरीकी हितों को पहुंचाया है, उतना शायद अमरीका के किसी दुश्मन ने भी नहीं पहुंचाया होगा।  

उन्होंने कहाः मैं जो बाइडन का भी समर्थक नहीं हूं, इसलिए कि वे क्लिंटन की तरह पाखंडी हैं और उनके पाखंड से अमरीका के साथ ही पूरा विश्व भी प्रभावित होगा। जहां वे अमरीका में आज़ादी और डोनेक्रेसी की बात करते हैं, वहीं दुनिया के दूसरे देशों में आज़ादी और डेमोक्रेसी का गला घोंटते हैं।

इसलिए नवम्बर में अमरीकी जनता के पास दो शैतानों में से किसी एक के चयन का विकल्प होगा। बाइडन भी ट्रम्प की तरह शैतान हैं। लेकिन बाइडन के मुक़ाबले में ट्रम्प अधिक बुरा विकल्प हैं। अमरीकी जनता को चाहिए कि देश में मूल राजनीतिक व सामाजिक सुधारों के लिए विकल्प के रूप में एक उचित राजनीतिक पार्टी के बारे में विचार करें।