5 जुलाई 2020 - 14:18
ईरानी अर्थव्यवस्था को धराशायी करने की दुश्मनों की साज़िशें कामयाब नहीं होंगीः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरानी अर्थव्यवस्था को धराशायी करने की दुश्मनों की साज़िशें कामयाब नहीं होंगी।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने रविवार को मंत्रीमंडल की आर्थिक समिति की बैठक में इस बात का उल्लेख करते हुए कि जनता और बुद्धिजीवियों की आकांक्षाओं के अनुरूप देश की अर्थव्यवस्था को तेल रहित बनाने की कोशिश की जा रही है, कहा कि अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों के कारण लगने वाले कड़े आर्थिक झटकों और कोरोना वायरस के फैलाव के बावजूद पैदावार और निर्यात के क्षेत्र में ईरानी अर्थव्यवस्था के मुख्य सूचकांक अच्छी तरह ऊपर की ओर जा रहे हैं।

 

राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात की तरफ़ इशारा करते हुए कि ईरान के दुश्मन, एक जटिल मानसिक कार्यवाही के अंतर्गत आर्थिक दबाव बढ़ा कर ईरान में तेल रहित अर्थव्यवस्था के अनुभव को विफल बनाने की कोशिश में हैं, कहा कि दुश्मन एक तरफ़ पूरी ताक़त लगा कर विदेशों में मौजूद ईरान की पूंजी को देश के अंदर लाने में रुकावट डाल रहा है और दूसरी तरफ़ दिन रात यह प्रचार कर रहा है कि तेल रहित अर्थव्यवस्था सफल नहीं रही है और इसका चिन्ह वह मुख्य सूचांककों को नहीं बल्कि कुछ वस्तुओं और विदेशी मुद्रा की क़ीमतों को बताता है।

 

डाॅक्टर हसन रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि पिछले तीन साल में अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों, तेल निर्यात में अत्यंत कमी और विदेशों में मौजूद ईरान की पूंजी को देश में लाने में रुकावट जैसी अनेक समस्याओं के बावजूद विदेशी मुद्रा के मूल्य को नियंत्रित किया गया है, कहा कि पिछले महीनों में कोरोना वायरस के फैलाव के चलते सीमाओं के बंद होने के कारण आयात-निर्यात में रुकावट आई लेकिन अगले महीनों में कोरोना से पहले की स्थिति बहाल होते ही आयात-निर्यात की मंडी में फिर से रौनक़ आ जाएगी।