25 जून 2020 - 15:16
अमरीका में गृहयुद्ध शुरू करने और कालों का सफ़ाया करने की बात करने वाले तीन पुलिस अधिकारी नौकरी से बर्ख़ास्त

अमरीका में काले नागरिकों का नस्लीय सफ़ाया करने के लिए एक नए गृह युद्ध का आहवान करने वाले तीन अमरीकी पुलिस अधिकारियों को नौकरी से बर्ख़ास्त कर दिया गया है।

नॉर्थ कैरोलिना के तीन पुलिस अधिकारियों ने ग़लती से अपनी अत्यधिक भड़काऊ बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी, जो किसी तरह से लीक हो गई, जिसमें उन्हें अफ़्रीक़ी मूल के अमरीकी नागरिकों के ख़िलाफ़ ज़हर उगलते और एक नए गृह युद्ध की ज़रूरत पर चर्चा करते हुए सुना जा सकता है।

ग़ौरतलब है कि अमरीकी पुलिस पर पहले से ही काले नागरिकों के साथ भेदभाव करने और बेवजह उनकी हत्या करने के आरोप लगते रहे हैं।

बुधवार को केविन पिनर, जेम्स गिलमोर और जेसी मूर को विभागीय जांच के बाद नौकरी से बर्ख़ास्त कर दिया गया। जांच में पाया गया कि तीनों पुलिस अधिकारी हैरान कर देने वाली नस्लभेदी टिप्पणियां कर रहे हैं और काले नागरिकों के ख़िलाफ़ हिंसा को बढ़ावा देने वाली बात कर रहे हैं।

ग़ौरतलब है कि 25 मई को गोरे पुलिस अधिकारियों के हाथों एक काले निहत्थे व्यक्ति जॉर्ज फ़्लॉयड की निर्मम हत्या का वीडियो वायरल होने के बाद से अमरीका में नस्लवाद के ख़िलाफ़ व्यापक प्रदर्शन जारी हैं।

इसी घटना के बाद, बर्ख़ास्त किए गए तीनों पुलिस अधिकारी विरोध प्रदर्शनों के बारे में चर्चा कर रहे हैं, इस दौरान ग़लती से पुलिस वाहन में रिकॉर्डिंग का बटन दब जाता है। बातचीत के दौरान पिनर को गिलमोर से शिकायत करते हुए सुना जा सकता है कि अमरीकी पुलिस विभाग "काले लोगों के सामने घुटने टेक रहा है"। पिनर पुलिस विभाग में काले अधिकारियों को भी अपशब्द कहते हैं और गालियां देते हैं।

एक दूसरी बातचीत में पिनर मूर से कहते हैं कि एक नया गृह युद्ध शुरू होने वाला है और वह इसके लिए तैयार हैं। वे कहते हैः हम बाहर निकलेंगे और इन मूर्ख कालों को सफ़ाया कर देंगे। मैं अब ज़्यादा इंतज़ार नहीं कर सकता। हे मेरे ख़ुदा मैं अब इंतज़ार नहीं कर सकता।

हालांकि वीडियो फ़ुटेज के पहले भाग में मूर असहमति जताते हुए पिनर को पागल कहते हैं। लेकिन जब पिनर एक काले स्थानीय जज को गाली देते हैं तो मूर कहते हैः जज के सिर में एक गोली मारने की ज़रूरत है, गोली मार कर आगे बढ़ जायें और शव को वहीं पड़ा रहने दें।    

पिनर कहते हैः समाज में एक नए गृह युद्ध की ज़रूरत है, ताकि हम उन्हें नक़्शे से ही मिटा सकें।